कारोबार

Top Gainers & Losers: ऑटो, रियल्टी और केमिकल शेयर चमके, उधर FMCG, IT स्टॉक्स लुढ़के

Gainers and Losers: भारतीय शेयर बाजार आज शुरुआती तेजी बरकरार नहीं रख पाया और सेंसेक्स-निफ्टी लगभग सपाट बंद हुए। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी जारी रही।
2 min read
May 07, 2026
Stock Market
रियल्टी और केमिकल शेयरों में तेजी दिखी है। (PC: AI)

Top Gainers & Losers: शेयर बाजार ने गुरुवार को शुरुआत तो शानदार की, लेकिन दिन खत्म होते-होते तेजी की हवा निकल गई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों शुरुआती बढ़त गंवाकर लगभग सपाट बंद हुए। हालांकि बाजार की असली ताकत मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में देखने को मिली, जहां खरीदारी का सिलसिला लगातार जारी रहा। कारोबार की शुरुआत में निवेशकों का मूड काफी सकारात्मक था। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से बाजार में तेजी आई थी। लेकिन जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी और बाजार की बढ़त सीमित हो गई।

इसके बावजूद छोटे और मझोले शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स करीब 1 फीसदी चढ़ा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी 0.8 फीसदी की तेजी दर्ज हुई। इससे साफ है कि बाजार में निवेशकों का भरोसा अभी भी बना हुआ है।

ऑटो, रियल्टी और केमिकल शेयर चमके

सेक्टोरल मोर्चे पर ऑटो, रियल्टी और केमिकल शेयर सबसे ज्यादा चमके। निफ्टी ऑटो इंडेक्स करीब 2 फीसदी उछला। वहीं, रियल्टी और केमिकल शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। दूसरी तरफ FMCG, IT और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर दबाव में रहे। मिडिल ईस्ट से आई खबरों ने भी बाजार का रुख प्रभावित किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान अमेरिका के उस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है, जिसमें संघर्ष खत्म करने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की बात कही गई है। इससे ग्लोबल मार्केट्स में तनाव थोड़ा कम होता दिखा।

इन शेयरों में आई तेजी

गुरुवार के कारोबार में सबसे ज्यादा चर्चा उन शेयरों की रही, जिन्होंने मजबूत तिमाही नतीजे पेश किए। गोदरेज इंडस्ट्रीज का शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंच गया। कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे। इसके अलावा Craftsman Automation, Paytm, Polycab India, CarTrade Tech और Hero MotoCorp जैसे शेयरों में भी 3 फीसदी से लेकर 11 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली।

डिफेंस और कैपिटल गुड्स शेयरों में भी खरीदारी का माहौल बना रहा। तेजस नेटवर्क्स का शेयर करीब 15 फीसदी उछल गया। वहीं, BEML अपने नवंबर के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स यानी BHEL का शेयर भी रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ।

HFCL रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा

डिफेंस सेक्टर में भारत डायनेमिक्स, कोचिन शिपयार्ड और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स जैसे शेयरों में अच्छी तेजी रही। HFCL का शेयर भी नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया और दो महीने से कम समय में इसमें 100 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है।

इन शेयरों में दिखी गिरावट

हालांकि, बाजार में हर तरफ हरियाली नहीं थी। गोदरेज कंज्यूमर, वॉकहार्ट और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज जैसे शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वेदांता और KPIT टेक्नोलॉजीज के शेयर भी दबाव में रहे। फर्स्टसोर्स सॉल्यूशंस में पिछली तेजी के बाद मुनाफावसूली देखने को मिली, जबकि ब्लू स्टार के शेयर में भी कमजोरी बनी रही। इसके अलावा हिमाद्री स्पेशियलिटी केमिकल, DCM श्रीराम, बिरलासॉफ्ट और NHPC जैसे शेयरों में भी गिरावट दर्ज हुई।

Updated on:
08 May 2026 09:48 am
Published on:
07 May 2026 05:30 pm