
Zepto IPO News: भारत के तेजी से बढ़ते क्विक कॉमर्स मार्केट में एक और कंपनी शेयर बाजार का दरवाजा खटखटाने जा रही है। ऑनलाइन ग्रॉसरी और 10 मिनट डिलीवरी के लिए मशहूर Zepto ने अपने IPO के लिए सेबी के पास अपडेटेड ड्राफ्ट पेपर जमा कर दिए हैं। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो कंपनी अगले महीने जुलाई में शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है।
जेप्टो का यह कदम इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि कंपनी देश की पहली ऐसी शुद्ध क्विक कॉमर्स कंपनी बन सकती है, जिसकी भारतीय शेयर बाजार में लिस्टिंग होगी। इससे पहले Swiggy और Eternal जैसी कंपनियां भी इस सेक्टर में मौजूद हैं, लेकिन उनका कारोबार सिर्फ क्विक कॉमर्स तक सीमित नहीं है।
सेबी के पास जमा किए गए दस्तावेजों के मुताबिक कंपनी आईपीओ के जरिए 8,010 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। इसके अलावा मौजूदा निवेशक 11.3 करोड़ शेयर बेचेंगे। यानी IPO में फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल, दोनों हिस्से शामिल होंगे।
कंपनी में शुरुआती दौर में निवेश करने वाले कई बड़े निवेशक इस ऑफर फॉर सेल के जरिए अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचने की तैयारी में हैं। इनमें Nexus Venture Partners, अमेरिका की Contrary Capital, Kaiser Permanente और दुबई की Razor Capital शामिल हैं।
Zepto ने पहली बार दिसंबर 2025 में गोपनीय प्री-फाइलिंग प्रक्रिया के तहत IPO के लिए आवेदन किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी को मई में सेबी की मंजूरी मिल चुकी है, जिसके बाद अब लिस्टिंग की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है।
कंपनी का कहना है कि नए शेयरों से जुटाई गई रकम का बड़ा हिस्सा कारोबार विस्तार में लगाया जाएगा। जेप्टो अपने मौजूदा और नए बाजारों में डार्क स्टोर्स की संख्या बढ़ाना चाहती है। डार्क स्टोर वे छोटे वेयरहाउस होते हैं, जहां से ग्राहकों को कुछ ही मिनटों में सामान पहुंचाया जाता है।
31 मार्च 2026 तक जेप्टो के पास देशभर में 1,139 डार्क स्टोर संचालित हो रहे थे। इसके अलावा कंपनी तकनीकी ढांचे को मजबूत करने, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश बढ़ाने और मार्केटिंग गतिविधियों पर भी खर्च करने की योजना बना रही है। मौजूदा स्टोर्स के किराये और संचालन से जुड़े खर्चों के लिए भी IPO से जुटाई गई पूंजी का उपयोग किया जाएगा।
भारतीय शेयर बाजार आज बढ़त के साथ खुला है और शुरुआती कारोबार में भी तेजी देखी जा रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 511 अंक की बढ़त के साथ 74,035 पर खुला। शुरुआती कारोबार में 10 बजे यह 203 अंक की बढ़त के साथ 73,725 पर ट्रेड करता दिखा। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इस समय 64 अंक की बढ़त के साथ 23,187 पर ट्रेड करता दिखा। शुरुआती कारोबार में रियल एस्टेट और प्राइवेट बैंक शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखने को मिली।