
सोने की कीमतों में गिरावट आई है। (PC: AI)
Gold Price Today: सोने की कीमतों में इस हफ्ते भारी गिरावट आई है। वहीं, चांदी में सोने से भी अधिक तेज गिरावट देखने को मिली है। चाहे वैश्विक मार्केट हो, घरेलू हाजिर बाजार हो या घरेलू वायदा मार्केट, सब जगह सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का हाजिर भाव शनिवार सुबह 3380 रुपये की गिरावट के साथ 1,39,030 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दिखाई दिया। 22 कैरेट गोल्ड का रेट 3100 रुपये की गिरावट के साथ 1,27,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दिखा। वहीं, 18 कैरेट गोल्ड का रेट 2530 रुपये की गिरावट के साथ 1,04,310 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दिखा। वहीं, चांदी का घरेलू हाजिर भाव 10,000 रुपये की गिरावट के साथ 2,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर दिखाई दिया।
सोने की कीमतों में बीते एक हफ्ते में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज हुई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, बीते शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में 24 कैरेट सोने का रेट 1,42,730 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। यह कीमत आज 31 अक्टूबर को 1,39,030 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। इस तरह बीते 1 हफ्ते में सोने का भाव 3700 रुपये प्रति 10 ग्राम टूट गया है। 22 कैरेट गोल्ड की बात करें, तो इसका भाव बीते शनिवार को 1,30,850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। आज यह भाव 1,27,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। इस तरह 1 हफ्ते में इस सोने का भाव 3400 रुपये प्रति 10 ग्राम टूट गया है।
चांदी की कीमतें एक हफ्ते में 20,000 रुपये टूट गई हैं। गुड रिटर्न्स के अनुसार, बीते शनिवार, 24 अक्टूबर को दिल्ली में चांदी का हाजिर भाव 2,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। आज 31 अक्टूबर को यह भाव गिरकर 2,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया है। इस तरह एक हफ्ते में चांदी की कीमतों में 20,000 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है।
वैश्विक स्तर पर शुक्रवार को सोने की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज हुई। कॉमेक्स पर सोना 3.29 फीसदी या 132.50 डॉलर गिरकर 3,898.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। वहीं, गोल्ड स्पॉट 3.65 फीसदी या 146.90 डॉलर की गिरावट के साथ 3,874.62 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। यह साल 2026 में सोने का सबसे निचला स्तर है।
चांदी की वैश्विक कीमतों में भी शुक्रवार को जबरदस्त गिरावट दर्ज हुई। कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक भाव 5.93 फीसदी या 3.10 डॉलर की गिरावट के साथ 49.28 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं, सिल्वर स्पॉट 5.85 फीसदी या 3.05 डॉलर की गिरावट के साथ 49.10 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।
अमेरिका में तीसरी तिमाही का जीडीपी ग्रोथ डेटा उम्मीद से अधिक मजबूत रहा है। ट्रेडर्स को दिसंबर में यूएस फेड रेट हाइक की उम्मीद है। इससे सोने पर दबाव बन रहा है। कच्चे तेल की उच्च कीमतों से रियल यील्ड बढ़ी हुई है। इससे निवेशकों के सोने से निकलकर बॉन्ड्स जैसे ब्याज देने वाले एसेट्स की तरफ जाने का डर है। यही कारण है कि कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है।
केडिया एडवाइजरी के एमडी अजय केडिया ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि निवेशकों को इस समय यूएस फेड रेट को लेकर संभावनाओं, अमेरिका में महंगाई और भूराजनैतिक हालातों पर नजर रखनी चाहिए। अगर दिसंबर में फेड रेट बढ़ने की संभावनाओं कमी आती है, अमेरिका में महंगाई दर नीचे आती है और भू-राजनीतिक तनाव कम होता है, तो सोने में तेजी देखने को मिल सकती है। दूसरी तरफ अधिक महंगाई और मजबूत डॉलर सोने पर और दबाव डाल सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
31 Oct 2026, 10:50 AM IST
Published on:
31 Oct 2026, 10:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.