
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी कार कंपनियों में से एक महिन्द्रा एंड महिन्द्रा कल यानि एक अगस्त से अपनी कारों की कीमत 2-3 फीसदी बढ़ाने वाली है।जिसकी वजह से कारों की कीमत 30 हजार रूपए तक बढ़ जाएगी।एमएंडएम के ऑटोमोटिव सेक्टर के प्रेसिडेंट राजन वडेरा ने कहा कि कमोडिटी कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की वजह से हमने कुछ मॉडल्स के दाम 2 फीसदी तक बढ़ाने की योजना बनाई है।
आपको बता दें कि महिन्द्रा से पहले रेनो, टाटा और ह्युंडई जैसी कंपनियां भी कीमत में बढ़ोत्तरी का ऐसान कर चुकी है।
महिंद्रा की ओर से स्मॉल स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) KUV100 से लेकर एसयूवी XUV500 तक को बेचा जाता है। इनकी कीमत 4.59 लाख रुपए से 12.32 लाख रुपए तक हैं। इन सभी कारों के दाम अगस्त से बढ़ा दिए जाएंगे।महिंद्रा की कार मार्केट पर अच्छी पकड़ है और वो बड़ी गाड़ियों के सेगमेंट में सबसे ज्यादा मार्केट शेयर के साथ काबिज है।
टाटा की गाड़ियां भी होंगी महंगी-
टाटा मोटर्स ने बढ़ते इनपुट कॉस्ट की लागत को ऑफसेट करने के लिए अगस्त से अपने मॉडल्स की कीमतों में 2.2 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है। पिछले 3 महीने में कंपनी ने दूसरी बार गाड़ियों की कीमत बढ़ाई है। इससे पहले अप्रैल महीने में कंपनी ने भारत में अपने पैसेंजर कारों की कीमतों में 60,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। अब कंपनी फिर अपने मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोत्तरी कर रही है।
होंडा की कार खरीदना होगा महंगा-
होंडा इंडिया, अपनी सभी कारों की कीमतों में 10,000 रुपये से लेकर 35000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है।यानी अब आपको होंडा की कारों के लिए आपको अपनी जेब अब कुछ ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी।
ह्युंडई ने सिर्फ ग्रांड आई-10 के प्राइस बढ़ाए हैं। कंपनी ने आई-१० की कीमत में 2 फीसदी की बढ़ोत्तरी की है।