चंदौली

दूल्हे की कार तालाब में गिरी, तैरकर निकला बाहर, मैरिज लॉन से 300 मीटर पहले हुआ हादसा

Groom Car Fell Into Pond : बारात लेकर जा रही दूल्हे की कार अचानक बेकाबू होकर पानी से भरे तालाब में जा गिरी। बताया जा रहा है दूल्हे की कार चलाने वाला ड्राइवर नशे में था।

2 min read
तालाब में गिरी दूल्हे की कार, PC- X

चंदौली : शादी की खुशियां उस समय दहशत में बदल गईं जब बारात लेकर जा रही कार अचानक बेकाबू होकर तालाब में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि दूल्हे समेत कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। घटना के कारण शादी की रस्मों में करीब दो घंटे की देरी हुई, लेकिन आखिरकार दूल्हा बग्घी पर सवार होकर मंडप तक पहुंचा और विवाह संपन्न हुआ।

ये भी पढ़ें

बसपा के एकमात्र विधायक उमाशंकर के आवास पर आयकर का छापा, लगातार तीन बार से हैं विधायक

ड्राइवर ने चलती कार से लगाई छलांग

मंगलवार रात करीब 9 बजे बबुरी थाना क्षेत्र में मैरिज लॉन से लगभग 300 मीटर पहले यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि रास्ते में ड्राइवर ने कार रोककर शराब पी और फिर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने लगा। अचानक कार अनियंत्रित हो गई। खतरा भांपकर ड्राइवर चलती कार से कूद गया और कार सीधे तालाब में जा गिरी।

दूल्हे ने दिखाई बहादुरी

ड्राइवर साइड का गेट खुला होने के कारण दूल्हा पवन कुमार प्रजापति बाहर निकलने में सफल रहा। वह करीब 20-25 मीटर तैरकर किनारे पहुंचा। इसके बाद उसने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे एक रिश्तेदार और दो लड़कियों को भी सुरक्षित बाहर निकाला। तब तक कार आधी से ज्यादा पानी में डूब चुकी थी। बाद में क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला गया।

देर से संपन्न हुई रस्में

हादसे की खबर मिलते ही दुल्हन शालू और उसके परिजन घबरा गए। दुल्हन बार-बार दूल्हे की कुशलक्षेम पूछती रही। हादसे की वजह से द्वारचार की रस्म में करीब दो घंटे की देरी हुई।

दूल्हे को दूसरी गाड़ी से लॉन ले जाया गया, जहां कपड़े बदलवाए गए। रात करीब 11 बजे वह शेरवानी पहनकर बग्घी पर सवार होकर दोबारा बारात के साथ पहुंचा और विवाह की रस्में पूरी की गईं।

लाखों का सामान पानी में बहा

हादसे में दूल्हे का करीब 75 हजार रुपये का स्मार्टफोन, सोने की चेन और अंगूठी तालाब में गिरकर खो गई। कार में रखे शादी के कपड़े भी भीग गए, जिन्हें बारातियों ने लॉन में पंखे के नीचे सुखाया।

ड्राइवर के नशे में होने का आरोप

दूल्हे के पिता रामनरेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में था। बड़े भाई चंद्रभान कुमार ने बताया कि ड्राइवर को शराब पीने से मना किया गया था, लेकिन उसने बात नहीं मानी। बबुरी थाना प्रभारी विभूति नारायण राय ने बताया कि कार तालाब में गिरी थी, लेकिन सभी लोग सुरक्षित निकाल लिए गए।

ये भी पढ़ें

इस जिले से गिरफ्तार हुआ यूपी बोर्ड में नकल कराने वाला सरगना, 5 हजार रुपए में करता था डील
Published on:
25 Feb 2026 02:53 pm
Also Read
View All