Chandauli News: चंदौली के धानापुर बस स्टैंड पर गुरुवार को दिनदहाड़े बस मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली की तड़तड़ाहट से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रायपुर निवासी मुटुन यादव के रूप में हुई है।
चंदौली जिले में बेखौफ बदमाशों ने गुरुवार की शाम चार बजे के लगभग को दिनदहाड़े एक बस मालिक को गोलियों से भून डाला। हत्या की वारदात के समय बस मालिक बस स्टैंड के बाहर बैठा था। इसी समय बाइक सवार दो बदमाश आए और मृतक पर कई राउंड गोलियां चलाएं। गोली की आवाज सुन धड़ाधड़ दुकानों के शटर गिरने लगे और भगदड़ मच गई। हत्या की वारदात के बाद हथियार लहराते बदमाश फरार हो गए।
फायरिंग में गोली मुटुन यादव के जबड़े और सिर में लगी। जमीन पर गिरते ही उन्होंने दम तोड़ दिया। आसपास के लोग मुटुन यादव को लेकर अस्पताल गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें कि मुटुन पर गैंगस्टर समेत 5 मुकदमे दर्ज थे। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके में ताबड़तोड़ घेरेबंदी की गई लेकिन हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला। हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन सैकड़ों लोगों के साथ वारदात स्थल पर पहुंचे और शव रखकर धनापुर-चहनिया मार्ग जाम कर दिया। रास्ता जाम की खबर फैलते ही पुलिस अधिकारियों के हाथ पांव फूलने लगे। किसी तरह परिजनों को समझाकर रास्ता खाली करा दिया।
एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे ने बताया कि शाम 4 बजे मुटुन यादव की हत्या कर दी गई। बदमाशों के लिए टीम लगाई गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। मुटुन यादव के खिलाफ धानापुर थाने में 5 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें गैंगस्टर एक्ट, हत्या के 2 मुकदमे, एक आर्म एक्ट और मारपीट का है।