चंदौली

बहन के लिये लड़का देखने जा रहे भाई और मौसा की रोड एक्सिडेंट में मौत, पिता की हालत गंभीर

मिर्जापुर से चंदौली जिले के लेवा इलाके में जा रहे थे तीनों, मुगलसराय-चकिया मार्ग पर हुई दुर्घटना।
less than 1 minute read
Road Accident
सड़क दुर्घटना

चंदौली . संदीप अपने पिता लल्लन और मौसा राधे के साथ बहन के लिये लड़का देखने शहाबगंज थानान्तर्गत लेवा इलाके में जा रहा था। वो पूरी तैयारी में थे कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो रिश्ता पक्का कर देंगे। पर उनकी एक गलती से खुशियों के स्वागत के पहले ही उनके परिवार में दुख का प्रवेश हो गया। तीनों बिना हेलमेट के बाइक पर जा रहे थे। रास्ते में एक ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हुई और संदीप व राधे की मौत हो गयी, जबकि घायल लल्लन की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।

मिर्जापुर जिले के जमालपुर थानान्तर्गत एक गांव निवासी संदीप, पिता लल्लन व मौसा राधे घर की लड़की के लिये लड़का देखने जा रहे थे। तीनों बिना हेलमेट के बाइक पर सवार थे। जमालपुर के मुरारडीह के सामने मुगलसराय-चकिया रोड पर उनकी तेज रफ्तार बाइक और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गयी। घटना में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहे संदीप (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, मौसा राधे की अस्पताल पहुंचने के पहले ही मौत हो गयी। उधर अस्पताल में पिता लल्लन की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने मुगलसराय-चकिया मार्ग को जाम कर दिया। खबर मिलने पर पुलिस वहां पहुंच गयी और लोगों को समझाने की कोशिश की गयी। पर वो नहीं माने। लोग सड़क जाम कर मुआवजे की मांग कर रहे थे। किसी तरह जमालपुर और बबुरी की पुलिस उन्हें समझा पायी।

By Santosh Jaiswal

Updated on:
28 Oct 2018 06:40 pm
Published on:
28 Oct 2018 06:40 pm