बदमाशों के कब्जे से 12 बोर का कट्टा, साढ़े 21 हजार नकदी और बाइक हुई बरामद
चंदौली. जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार की शाम को धानापुर थाना क्षेत्र के रायपुर नहर पुलिया पर बदमाशों और पुलिस के बीच हुई हल्की मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जबकि सरगना फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से 12 बोर का कट्टा, लूट के साढ़े 21 हजार नकदी सहित घटनाओं में प्रयुक्त होने वाली डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों को जेल भेज पुलिस फरार सरगना की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह के निर्देश और सीओ त्रिपुरारी पांडेय के मार्गदर्शन में अपराधियों के विरुद्ध छेड़ी जंग में गुरुवार को धानापुर पुलिस ने हल्की मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरों को दबोच लिया। हालांकि अंधेरे का लाभ लेकर उनका सरगना भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाशों में सुनील यादव उर्फ बकाटू, पुत्र रामनारायण यादव निवासी ग्राम करीं, और राहुल यादव पुत्र पप्पू यादव निवासी ग्राम नौघरां शामिल हैं।
पुलिस ने सुनील के पास से 12 बोर का कट्टा और राहुल यादव के पास से लूट के 21 हजार 500 रुपये सहित घटनाओं में प्रयुक्त डिस्कवर बाईक यूपी 67 एफ 0274 बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया है। आरोप है कि, इन बदमाशों ने 16 अप्रैल को गद्दोचक पुलिया के समीप परीक्षा देकर लौट रहे नेकनामपुर गांव निवासी प्रशांत सिंह का 10 हजार और 17 अप्रैल को हांसीपुर भठ्ठे के पास से बसगावां निवासी दीपक राय का 25 हजार रुपया लूट लिए थे। दोनों अलग-अलग मामलों में पुलिस ने पहले से ही केस दर्ज किए हैं। मात्र दो दिन में लूट की दो घटनाओं को लेकर परेशान पुलिस ने उस वक्त राहत की सांस ली। जब दो शातिर लुटेरे उसके हत्थे चढ़ गए। प्रभारी थानाध्यक्ष जेपी यादव ने बताया कि, बदमाशों की गिरफ्तारी में उनके साथ एसआई गंगा प्रकाश यादव, कांस्टेबल अजय यादव, रामअशीष, अजीत यादव, तथा राजेश कुमार भी शामिल रहे।
input- संतोष कुमार