
Woman found dead in Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में किराए के कमरे से शव बरामद किया गया है। वहीं, बिस्तर पर उसके पति को भी अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के मुताबिक, पति की स्थिति गंभीर है। बताया जा रहा है कि दो दिनों से पति-पत्नी ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला था, जिसके बाद मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो महिला मृत मिली, जबकि उसका पति अचेत अवस्था में पाया गया।
जानकारी के मुताबिक, अलीनगर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में पिछले 15 दिनों से किराए के मकान में रह रहे पति-पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए हैं। पत्नी की बिस्तर पर लाश पड़ी थी, जबकि पति पास में ही बेहोशी की हालत में मिला। मृतका की पहचान रानी देवी (19) के रूप में हुई है, जबकि पति का नाम आकाश कुमार बताया जा रहा है। दोनों वाराणसी के सुल्तानपुर रामनगर के रहने वाले हैं। फिलहाल, पुलिस ने पत्नी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पति का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मकान मालिक ने अलीनगर थाने को सूचना दी थी कि उनके किराए के कमरे में दो दिनों से एक दंपति दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और दरवाजे को तोड़कर देखा गया। इस दौरान पत्नी और पति अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि जांच के उपरांत पाया गया कि पत्नी की मौत हो चुकी है, जबकि उसके पति की सांस चल रही थी, जिसे तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है की रानी और आकाश ने एक दूसरे से प्रेम विवाह किया था और चंदौली में नया ठिकाना बना लिया था। दोनों कटारिया स्थित इंडियन ऑयल के सामने पूड़ी-सब्जी का ठेला लगाकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। 13 अगस्त की देर रात दोनों कमरे में गए लेकिन 14 अगस्त को पूरे दिन और पूरी रात में घर से बाहर नहीं निकले। बताया जा रहा है कि दोनों कमरे में अंगीठी जलाकर सो रहे थे। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि पति की हालत नाजुक है, जबकि पत्नी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।