
Gohana Water Supply: गोहाना क्षेत्र के पांच गांवों में पेयजल संकट दूर करने के लिए बड़े स्तर पर जलघर और पाइपलाइन से जुड़े काम शुरू होने जा रहे हैं। रिढ़ाना, बरोदा ठुठान, जौली, बाघड़ और दोदवा में पुराने और खराब हो चुके जलघरों को नए सिरे से तैयार किया जाएगा। इन परियोजनाओं पर करीब 25.43 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जनस्वास्थ्य विभाग ने काम शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।
इन गांवों में लंबे समय से पुराने ईंटों से बने तालाब और जल भंडारण ढांचे परेशानी का कारण बने हुए हैं। भूजल स्तर अधिक होने के कारण कई जगह इनकी संरचना कमजोर हो गई है। इससे पानी का रिसाव होने के साथ-साथ भंडारण व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा था।
अब विभाग ने पुराने ढांचों को हटाकर उनकी जगह मजबूत आरसीसी टैंक बनाने का फैसला किया है। इसके अलावा जरूरत के अनुसार जलशोधन संयंत्र और नई पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।
नई व्यवस्था में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाने हैं। इन संयंत्रों के जरिए जलघर में पहुंचने वाले पानी को शुद्ध करने की व्यवस्था मजबूत होगी। इसके बाद साफ पानी की सप्लाई गांवों में की जाएगी। नई संरचनाओं से पानी के रिसाव में कमी आने और जल भंडारण क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, नई पाइपलाइन बिछने से गांव के दूर-दराज वाले हिस्सों में भी पानी की सप्लाई बेहतर हो सकेगी।
रिढ़ाना गांव में जलघर के सुधार समेत अन्य कार्यों के लिए 8.81 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया है। परियोजना के तहत पुराने ईंटों से बने तालाबों को हटाकर आधुनिक आरसीसी ढांचा तैयार किया जाएगा।
बरोदा ठुठान में 7.15 करोड़ रुपये की लागत से काम कराया जाएगा। यहां पुराने तालाबों को हटाकर दो नए आरसीसी तालाब बनाए जाएंगे। साथ ही पानी को साफ करने के लिए 50 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा।
जौली गांव के लिए विभाग ने 4.71 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। यहां भी पुराने तालाबों की जगह आरसीसी संरचना तैयार होगी। पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए एक एमएलडी क्षमता का डब्ल्यूटीपी भी बनाया जाएगा।
बाघड़ गांव में करीब 2.85 करोड़ रुपये की लागत से पुराने ईंटों के दो तालाबों को हटाकर नए आरसीसी तालाब बनाए जाएंगे। इसके साथ पानी की सप्लाई के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। वहीं, दोदवा गांव में करीब 1.90 करोड़ रुपये से जलघर से जुड़े काम होंगे। यहां पुराने दो तालाबों को हटाकर आरसीसी के नए तालाब तैयार किए जाएंगे और पाइपलाइन का काम भी कराया जाएगा।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र के पांच गांवों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार से विभिन्न कार्यों की मंजूरी मिली थी। इसके बाद विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए संबंधित कामों के लिए टेंडर जारी किए हैं। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद इन गांवों में पेयजल भंडारण, शोधन और सप्लाई व्यवस्था पहले के मुकाबले बेहतर होने की उम्मीद है।