17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दिल्ली-गुरुग्राम की राह होगी आसान, झज्जर-दादरी के बीच 4 हजार करोड़ की लागत से बनेगा 67 किमी लंबा फोरलेन हाईवे

Jhajjar Dadri Four Lane: हरियाणा में झज्जर के सिलानी से चरखी दादरी के बिलावल तक 67 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे बनाया जाएगा। करीब 4 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना से दिल्ली-गुरुग्राम समेत यूपी और राजस्थान से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गुडगाँव

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 17 Nov 2026, 4:06 PM IST

Jhajjar Dadri Four Lane

दिल्ली-गुरुग्राम की राह होगी आसान, AI फोटो

Jhajjar Dadri Highway: हरियाणा में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। झज्जर के सिलानी गांव से चरखी दादरी के बिलावल तक करीब 67 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन में बदलने की योजना को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से कराया जाएगा। हाईवे बनने के बाद दिल्ली और गुरुग्राम के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और राजस्थान की ओर जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के लिए करीब 21 गांवों की जमीन चिन्हित की जा चुकी है। राजस्व विभाग ने संबंधित जमीन मालिकों का रिकॉर्ड NHAI को उपलब्ध करा दिया है और जमीन से जुड़े लोगों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। अब अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए जमीन के कलेक्टर रेट के आधार पर मुआवजा यानी रिवार्ड राशि तय की जाएगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाने की तैयारी है।

इन गांवों के बाहर से निकलेगा नया बाईपास

फोरलेन परियोजना में कुछ गांवों को सीधे सड़क के दायरे में लेने के बजाय उनके बाहर से बाईपास निकालने की योजना बनाई गई है। मोरवाला, अचीना, बिरही कलां और अटेला गांवों के बाहर से फोरलेन निकालने का निर्णय लिया गया है। वहीं कमोद और रावलधी के बीच से भी बाईपास प्रस्तावित है, जो लोहारू कैनाल के साथ आगे बढ़ते हुए भिवानी रोड से भैरवी की ओर जाएगा।
इससे गांवों के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने और स्थानीय यातायात को राहत मिलने की उम्मीद है।

सिलानी से शुरू होकर बिलावल तक पहुंचेगा हाईवे

प्रस्तावित फोरलेन की शुरुआत झज्जर के सिलानी गांव से होगी। इसके बाद सड़क नया गांव और डाबला के बीच से होते हुए कड़ौदा और मारौत के आसपास से छुछकवास तक पहुंचेगी। छुछकवास में बाईपास का प्रावधान रखा गया है। इसके बाद मार्ग चरखी दादरी की ओर बढ़ते हुए ईमलोटा पहुंचेगा।

ईमलोटा के बाद मोरवाला से पहले बाईपास निकलेगा। आगे अचीना के पास भी बाईपास बनाया जाएगा। इसके बाद सड़क लोहरवाड़ा के नजदीक से गुजरते हुए रावलधी और कमोद के बीच से आगे बढ़ेगी। खातीवास से कमोद जाने वाले मार्ग के पास फोरलेन पर जलेबी चौक भी प्रस्तावित है। आगे सड़क चरखी पावर हाउस के पास दादरी-भिवानी रोड से जुड़ेगी और खेतों के बीच से होते हुए भैरवी के पास NH-334B पर पहुंचेगी। यहां से इसका विस्तार बिलावल तक होगा।

21 गांवों की जमीन का रिकॉर्ड तैयार

परियोजना के लिए चिन्हित जमीन की जानकारी जुटाने का काम राजस्व विभाग की ओर से पूरा किया जा चुका है। जमीन मालिकों का विवरण NHAI को सौंपने के साथ संबंधित लोगों को नोटिस भी दिए गए हैं। चिन्हित जमीन पर अब नए निर्माण पर रोक रहेगी। NHAI अब डीसी कमेटी से संबंधित गांवों की कलेक्टर रेट की जानकारी लेगा। इसी आधार पर जमीन अधिग्रहण के बाद मुआवजा राशि तय की जाएगी।

नए साल में काम शुरू करने की तैयारी

दादरी विधायक सुनील सांगवान के मुताबिक, राजस्व विभाग ने जमीन मालिकों का रिकॉर्ड NHAI को उपलब्ध करा दिया है। अब 21 गांवों के कलेक्टर रेट की जानकारी जुटाकर मुआवजा राशि तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि जल्द रिवार्ड जारी हो और नए साल में फोरलेन का निर्माण शुरू किया जा सके।

करीब 4 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनेगा फोरलेन

NH-334B मेरठ से राजस्थान के पीलानी तक जाता है और इस तरह उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान को जोड़ता है। फिलहाल झज्जर से लोहारू के बीच सड़क का बड़ा हिस्सा सिंगल कैरिजवे के रूप में है। प्रस्तावित परियोजना के तहत सिलानी से बिलावल तक करीब 67 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन किया जाएगा।

NHAI इस परियोजना पर करीब 4 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगा। फोरलेन बनने से क्षेत्र में आवागमन तेज होने के साथ सड़क सुरक्षा में सुधार और दिल्ली-गुरुग्राम की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।