15 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gurugram Hit and Run Case: आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान से गुरुग्राम ला रही पुलिस, वीडियो जारी

Gurugram Golf Course Road Accident: गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन केस में पुलिस ने आरोपी कल्याण सिंह बैंसला और उसके चचेरे भाई लविश को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। CCTV फुटेज और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई है।
2 min read
Google source verification
Gurugram Hit and Run Case

आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान से गुरुग्राम ला रही पुलिस, फोटो सोर्स- ANI

Golf Course Road Hit and Run: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार के साथ हुए कथित हिट एंड रन मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजस्थान से गुरुग्राम लेकर आ रही है।

हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई

गुरुग्राम के DCP संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने मामले में कल्याण सिंह बैंसला और उसके चचेरे भाई लविश को राजस्थान से ट्रेस करने के बाद गिरफ्तार किया है। DCP के मुताबिक, पीड़िता के बयान और CCTV फुटेज के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई है। पुलिस का दावा है कि CCTV फुटेज में बैंसला कथित तौर पर अपनी कार को महिला की बाइक में जानबूझकर टक्कर मारते हुए दिखाई दे रहा है, जिससे प्रथम दृष्टया उसे जान से मारने की कोशिश का आरोप बनता है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला उस समय सामने आया जब महिला बाइक सवार सिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कथित तौर पर एक कार को उनकी बाइक का पीछा करते और बाद में बाइक को टक्कर मारते हुए देखा गया था। आरोप है कि टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

सिया ने आरोप लगाया था कि वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से जा रही थीं, तभी एक कार उनका पीछा करने लगी। उन्होंने कार में सवार लोगों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए थे और कहा था कि उन्हें स्थिति असुरक्षित महसूस हुई, इसलिए उन्होंने कार को रोकने के बजाय आगे बढ़ना जारी रखा। वायरल वीडियो में कार और बाइक के बीच टक्कर होती दिखाई देती है। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर जाती हैं, जबकि कार वहां से निकल जाती है। घटना के बाद सिया के एक दोस्त ने कार का पीछा किया और ट्रैफिक सिग्नल पर चालक से बात करने की कोशिश की थी। आरोप है कि चालक ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और वहां से चला गया।

पुलिस ने लिया था स्वत: संज्ञान

वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया था। इसके बाद सिया का बयान भी दर्ज किया गया और मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया।

कार मालिक ने क्या कहा था?

मामले में सामने आया था कि जिस कार से घटना होने का आरोप है, वह मनोज नाम के व्यक्ति के नाम पर है। कार मालिक ने बताया था कि उसने अपनी कार अपने दोस्त कल्याण बैंसला को दी थी। उसके मुताबिक, घटना के समय कार उसके पास नहीं थी और उसे घटना की जानकारी बाद में मिली।

अब पुलिस ने कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे गुरुग्राम ला रही है। यहां आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ की जाएगी और पुलिस वायरल वीडियो समेत मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस की जांच में यह स्पष्ट किया जाना बाकी है कि घटना के दौरान कार कौन चला रहा था और पूरे घटनाक्रम में आरोपी की क्या भूमिका थी। पुलिस पूछताछ और जांच के आधार पर मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

बड़ी खबरें

View All

गुडगाँव

हरियाणा

ट्रेंडिंग