
गुरुग्राम में जलभराव के लिए राव इंद्रजीत सिंह ने कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार (Photo-IANS)
Gurugram waterlogging: गुरुग्राम में हर साल होने वाले जलभराव को लेकर बीजेपी सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने पिछली सरकार में हुए अनोयोजित विकास को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पुराने और पारंपरिक जल निकासी मार्गों पर निर्माण होने से बारिश के पानी की निकासी बाधित हुई है। अब इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए पुराने ड्रेनेज रूट पर मेट्रो की तर्ज पर भूमिगत सुरंगें बनाने का सुझाव दिया गया है।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए सांसद राव ने कहा कि गुरुग्राम में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अरावली की पहाड़ियों से निकलने वाला पानी पुराने प्राकृतिक नालों के जरिए यमुना की ओर जाता था, लेकिन इन जल निकासी मार्गों पर विकास और निर्माण होने से पानी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो गया।
उन्होंने कहा कि अब स्थिति को सुधारने के लिए पुराने नालों के मार्ग को ध्यान में रखते हुए भूमिगत टनल तैयार करनी होंगी। उन्होंने इसकी तुलना मेट्रो के लिए बनाई गई भूमिगत सुरंगों से की।
सांसद ने मौजूदा उपायों को अस्थायी बताते हुए कहा कि अभी जो काम किए जा रहे हैं, वे महज बैंड-एड की तरह हैं। एक स्थान पर पानी को रोकने से वह दूसरे रास्ते से निकलने लगता है। उन्होंने कहा कि सरकार इस समस्या के समाधान पर काम कर रही है और इसके लिए जरूरी धन की व्यवस्था भी की जा रही है।
बता दें कि राव इंद्रजीत सिंह के इस बयान पर सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि जिस कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए विकास को वे गुरुग्राम की मौजूदा समस्या की वजह बता रहे हैं, उस दौरान वे खुद कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर रहे थे।
उन्होंने 1977 में कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वे हरियाणा सरकार में मंत्री रहे और बाद में यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री भी बने। 2009 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर गुड़गांव लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। इसके बाद 2014 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया।
दरअसल, बीजेपी सांसद राव इंद्रजीत की टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब मंगलवार को IFFCO चौक के पास सर्विस रोड का एक हिस्सा अचानक धंस गया। मास्टर सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद सड़क पर करीब 10×10 फीट का सिंकहोल बन गया।
यह गड्ढा दिल्ली-जयपुर दिशा वाली सड़क पर बना। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने प्रभावित हिस्से में बैरिकेडिंग कर दी, जबकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दोनों सर्विस लेन को बंद कर दिया। इससे मंगलवार शाम इलाके में यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट करना पड़ा।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के अनुसार, एंबियंस मॉल से राजीव चौक के बीच जाने वाली मास्टर सीवर लाइन प्रभावित सड़क के नीचे या उसके आसपास से गुजरती है।
GMDA के कार्यकारी अभियंता भीम आर्य ने बताया कि बुधवार से मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। साथ ही यह पता लगाने के लिए निरीक्षण किया जाएगा कि सीवर लाइन आखिर किन कारणों से धंसी।
Updated on:
26 Aug 2026 12:12 pm
Published on:
26 Aug 2026 12:12 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
