चंडीगढ़ पंजाब

हरियाणा में नगर निगम चुनाव दलीय आधार पर लडकर ताकत की थाह लेगी भाजपा

हरियाणा में लोकसभा की सभी दस सीटें और विधानसभा की 70 तक सीटें जीत लेने के लक्ष्य के लिए सक्रिय सत्तारूढ भाजपा संभवत: नगर निगम चुनाव में अपनी ताकत की थाह लेना चाहती है
2 min read
bjp file photo
bjp file photo

(राजेन्द्र सिंह जादोन की रिपोर्ट)
चंडीगढ। हरियाणा में लोकसभा की सभी दस सीटें और विधानसभा की 70 तक सीटें जीत लेने के लक्ष्य के लिए सक्रिय सत्तारूढ भाजपा संभवत: अब नगर निगम चुनाव में अपनी ताकत की थाह लेना चाहती है। इसलिए पार्टी नेतृत्व ने नगर निगम चुनाव दलीय आधार पर लडऩे का फैसला किया है। इसके साथ ही भाजपा ने प्रदेश के सात नगर निगम के चुनाव आगामी सितम्बर और अक्टूबर के बीच कराए जाने के संकेत देते हुए यह भी साफ किया है कि विधानसभा चुनाव अगले साल अक्टूबर में तय समय पर ही कराए जाएंगे। उसका लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराने का इरादा नहीं है।


विधानसभा चुनाव तय समय पर


हरियाणा के सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर ने गुरूवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि हरियाणा में नगर निगम चुनाव आगामी सितम्बर और अक्टूबर माह के बीच करवा लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा निगम चुनाव दलीय आधार पर लड़ेगी। जबकि विधानसभा चुनाव अपने तय समय पर अगले साल अक्टूबर में ही कराए जाएंगे। इस तरह उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ कराए जाने की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया।

केबिनेट में कई फैसले


हरियाणा केबिनेट की अनौपचारिक बैठक में किए फैसलों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि रोडवेज में 700 नई बसें किराया पद्धति से शामिल करने का फैसला किया गया है। उनके लिए यह संतोष की बात है कि इस सत्र में हरियाणा की चीनी मिलों में 500 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई की गई है।

बकाया का जल्दी ही भुगतान

उन्होंने कहा कि सहकारी चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का 395 करोड़ रूपया बकाया है और इसका जल्दी ही भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर तीन माह में होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आगामी 7 व 8 जुलाई को फरीदाबाद में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

Published on:
05 Jul 2018 07:28 pm