
पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर अटकलें तेज (Photo-IANS)
Punjab Election 2027: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। बीजेपी राज्य में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसी बीच पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह लगातार बीजेपी को लगातार बयान देते रहे हैं।
हाल ही में आज तक से बात करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि पंजाब से जुड़े मामलों में बीजेपी उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके और उनके साथियों के पास पंजाब की राजनीति का करीब छह दशक का अनुभव है, इसके बावजूद पार्टी के स्तर पर उनसे राय नहीं ली जाती।
कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई है। एक बार फिस से अटकलें लगाई जा रही है कि क्या अमरिंदर सिंह वापस कांग्रेस में शामिल होंगे? क्योंकि आज तक के कार्यक्रम में कैप्टन सिंह के साथ जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला भी मौजूद थे। इस दौरान अब्दुल्ला ने इच्छा जताई कि कैप्टन अमरिंदर सिंह एक बार फिर से पंजाब के सीएम बनें।
बता दें कि फारूक अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। जम्मू कश्मीर में कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन है।
कार्यक्रम के दौरान अमरिंदर सिंह के इन बयानों के बाद उनके कांग्रेस में लौटने की अटकलों को लेकर भी सवाल पूछा गया। हालांकि इसदौरान उन्होंने साफ किया कि फिलहाल बीजेपी छोड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के साथ जुड़ाव समय के साथ बदल सकता है। अमरिंदर सिंह ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद वह कांग्रेस छोड़कर अकाली दल में गए थे और बाद में कांग्रेस में लौट आए थे।
उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि अब मैं कोई दूसरी पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में जा रहा हूं। मेरा कर्तव्य है कि मैं अपनी पार्टी को पंजाब के बारे में जो महसूस करता हूं, वह बताऊं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं पार्टी छोड़ रहा हूं।
बता दें कि अमरिंदर सिंह ने 2022 में अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का बीजेपी में विलय कर दिया था। इससे पहले 2021 में कांग्रेस से मतभेद के बाद उन्होंने पार्टी छोड़कर पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया था।
पिछले दिनों कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने को इंस्टाग्राम पर आयोजित ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान अपने पसंदीदा बीजेपी नेता के नाम का खुलासा किया था। इस दौरान राहुल गांधी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा बीजेपी नेता बताया था।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद भी चर्चाएं तेज हो गई थी कि अमरिंदर सिंह कांग्रेस में जा सकते हैं। क्योंकि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कई बार कह चुके है कि वे कांग्रेस को बहुत मिस करते हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस एक परिवार की तरह है। मैं जब भी फोन करता था, वह मिल लेते थे। लेकिन बीजेपी में यह सिस्टम नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा था कि उनके चेचेरे भाई के निधन पर राहुल गांधी ने शोक संदेश भेजा था लेकिन बीजेपी की तरफ से किसी ने पूछा तक नहीं।
Updated on:
26 Sept 2026 12:37 pm
Published on:
26 Sept 2026 12:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
