
Punjab Police Encounter: पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले में पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद विदेशी गैंगस्टर सोनू खत्री से जुड़े दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि जवाबी फायरिंग में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो 30 बोर की पिस्तौल और एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिले के उरापड़ गांव निवासी अजयवीर सिंह और जालंधर निवासी अजय के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर एक प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य की हत्या करने की फिराक में थे।
शहीद भगत सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) तुषार गुप्ता ने बताया कि क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश दूसरे गैंग के एक सदस्य की हत्या करने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद CIA की टीमों ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।
पुलिस टीमों ने आरोपियों को मुसापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास घेर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार थे। उन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
SSP तुषार गुप्ता के मुताबिक, आरोपियों की फायरिंग के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली दोनों आरोपियों के पैरों में लगी। मुठभेड़ में एक पुलिस कांस्टेबल के पैर में भी गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का एक साथी दविंदर सिंह मौके से भागने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
गोली लगने के बाद दोनों आरोपियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं। वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी विदेशी गैंगस्टर सोनू खत्री से जुड़े बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ के बाद हथियारों की बरामदगी और आरोपियों के नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी दविंदर सिंह को पकड़ने के साथ-साथ गैंग के अन्य सदस्यों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।