चेन्नई

‘सनातन का अपमान करने वाला’, उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी पर TVK और BJP में खुशी की लहर

Udhayanidhi Stalin arrested; एक्ट्रेस तृषा पर अश्लील टिप्पणी मामले में विधायक उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी के बाद TN राजनीति में उबाल। BJP ने 'सनातन के अपमान' से जोड़ा, तो TVK ने जताया जश्न।
2 min read
Aug 04, 2026
Udhayanidhi Stalin arrested
उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी पर TVK और BJP में खुशी की लहर, फोटो सोर्स- IANS

Udhayanidhi Stalin Trisha comments: तमिलनाडु की राजनीति में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस ने विधायक और नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को उनके चेन्नई स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि यह कार्रवाई अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर की गई एक आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणी के बाद दर्ज हुई शिकायतों के आधार पर की गई है। उदयनिधि की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी और सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रमुख दल 'तमिलगा वेत्री कषगम' (TVK) के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

'उनका ऐसा हश्र होना ही था' - बीजेपी का तीखा हमला

उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी पर भारतीय जनता पार्टी ने संतोष व्यक्त किया है। बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे 'सनातन धर्म' पर की गई उनकी पुरानी टिप्पणियों से जोड़ा। उन्होंने लिखा है कि 'सनातन धर्म का अपमान करने वाले उदयनिधि स्टालिन को एक महिला के बारे में की गई अपनी घिनौनी और अपमानजनक टिप्पणी के लिए गिरफ्तार कर लिया गया है। उनका ऐसा हश्र होना ही था।' वहीं, तमिलनाडु बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने उदयनिधि के बयान को 'घृणित, अश्लील, फूहड़ और शर्मनाक' बताते हुए कहा कि ऐसी मानसिकता वाले नेताओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई राज्य के हित में है।

TVK समर्थकों ने मनाया जश्न, NCW तक पहुंचा मामला

बता दें कि अभिनेत्री पर की गई टिप्पणी से भड़की TVK की महिला शाखा ने उदयनिधि के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। TVK की तंजावुर मध्य जिला महिला शाखा संयोजक एस. भैरवी ने तंजावुर पूर्व थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके साथ ही मामला राष्ट्रीय महिला आयोग तक भी पहुंचा दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद एक तरफ जहां चेन्नई में TVK समर्थकों ने जश्न मनाया, वहीं दूसरी तरफ DMK कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने माहौल बिगड़ते देख कई DMK समर्थकों को हिरासत में लिया है।

क्या था पूरा मामला?

यह पूरा विवाद सोमवार को तंजावुर में 'पनागल बिल्डिंग' के पास कावेरी मुद्दे पर द्रमुक द्वारा आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान शुरू हुआ। उदयनिधि के भाषण के दौरान जब भीड़ में से कुछ लोगों ने 'तृषा, तृषा' के नारे लगाने शुरू किए, तो उन्होंने कथित तौर पर एक बेहद अश्लील द्विअर्थी टिप्पणी कर दी। आरोप है कि इसके बाद DMK की IT विंग ने महिला का अपमान करने की नीयत से उस भाषण का वीडियो भी फैलाया।

हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत पर सुनवाई

गौरतलब है कि गिरफ्तारी से ठीक पहले उदयनिधि स्टालिन ने मद्रास उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की थी, जिस पर अदालत में सुनवाई तय की गई है। फिलहाल पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने राज्य की सियासत का पारा चढ़ा दिया है।

Updated on:
04 Aug 2026 12:38 pm
Published on:
04 Aug 2026 12:38 pm