Pandit Dhirendra Shastri- बागेश्चरधाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने 305 बेटियों का विवाह कराया
Pandit Dhirendra Shastri- एमपी के छतरपुर के बागेश्वर धाम में माहौल उस समय भावुक हो गया जब एक दुल्हन पंडित धीरेंद्र शास्त्री के गले लगकर रोने लगी। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने उन्हें बमुश्किल शांत कराया। बागेश्चरधाम में सामूहिक विवाह समारोह में यह नजारा दिखाई दिया। पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने यहां 305 बेटियों का विवाह कराया। कार्यक्रम में अनेक संतों के साथ कई देशों के राजदूत भी शामिल हुए। पंडित धीरेंद्र शास्त्री के गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज भी नव दंपत्तियों को आशीर्वाद देने आए। उन्होंने कहा कि मैं अब धीरेंद्र शास्त्री की शादी में आऊंगा।
बागेश्वर धाम में तीन दिवसीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। महाशिवरात्रि के मौके पर दुल्हा दुल्हनों ने 7 फेरे लिए। इसके बाद विदाई की रस्म चालू हुई। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने नव दंपत्तियों को आशीर्वाद दिया।
विदाई के समय माहौल भावुक हो उठा। कई दुल्हनें पंडित धीरेंद्र शास्त्री के गले लगीं और रोने लगीं। बेटियों को रोता देख पंडित शास्त्री भी भावुक हो गए। कुछ दूल्हे भी उनके गले मिले। एक दूल्हा तो पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वाद लेने उनके पैरों में गिर गया।
कार्यक्रम में जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज भी आए। उन्होंने कहा कि इस बार मैं 305 बेटियों की शादी में आया हूं। अब पंडित धीरेंद्र शास्त्री की शादी में यहां आऊंगा। जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने बताया कि वे 29 जून से 13 जनवरी तक एकांतवास में रहेंगे। कार्यक्रम में अनिरुद्धाचार्य, हनुमान गढ़ी के राजूदास महाराज, इंद्रेश उपाध्याय भी शामिल हुए।