छतरपुर

MP Breaking: बागेश्वर धाम में बड़ा हादसा, गड्ढे में डूबने से 6 साल के मासूम की मौत

Bageshwar Dham: मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम में हरियाणा से दर्शन करने आए एक परिवार के 6 साल के मासूम की ढाबे पर बने सोखते में डूबने से मौत हो गई।
2 min read
Apr 08, 2026
Major Tragedy at Bageshwar Dham 6 Year Old Child Drowns in Pit mp news
6 Year Old Child Drowns in Pit in Bageshwar Dham (Patrika.com)

MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित प्रसिद्द बागेश्वर धाम (Bageshwar Dham) में बुधवार को एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई। यहां हरियाणा से दर्शन करने आए एक परिवार के 6 साल के मासूम की ढाबे पर बने सोखते (गड्ढे) में डूबने से मौत हो गई। परिवार बच्चे के बीमार होने पर झाड़ा लगवाने के लिए बागेश्वर धाम आया था। मृतक बच्चे की पहचान दिव्यांश शर्मा के रूप में हुई है। घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

खेलते समय गड्ढे में गिरा मासूम

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के जिला रेवाड़ी के रहने वाले प्रवीण शर्मा अपने 6 वर्षीय पुत्र दिव्यांश शर्मा और अन्य परिजनों के साथ आज सुबह ही बागेश्वर धाम पहुंचे थे। परिवार धाम परिसर में बच्चे के बीमार होने पर उसका झाड़-फूंक कराने के लिए आया था। परिवार धाम परिसर के पास स्थित ढाबे पर ही रुके हुए थे। सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच दिव्यांश खेलते समय ढाबे के पास बने गंदे पानी के गहरे गड्ढे में गिर गया जिसकी खबर परिवार को नहीं लगी।

बच्चा जब कुछ देर तक दिखाई नहीं दिया तब उन्होंने तलाश की। थोड़ी देर बाद बच्चे का शव गड्ढे में मिला। बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल ले जाय गया। अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजकुमार अवस्थी ने बताया कि बालक को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था, परीक्षण के बाद उसे आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते बमीठा थाना से पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की शुरूआती जांच में हादसे का कारण गड्ढे को खुला रखने की लापरवाही बताया जा रहा है।

देर से आई एम्बुलेंस- दिव्यांश के पिता

मृतक दिव्यांश के पिता प्रवीण शर्मा ने आरोप लगाया कि अस्पताल से सरकारी एम्बुलेंस नहीं आई। सूचना देने के बावजूद एम्बुलेंस नहीं आई। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस संचालक और दलाल उनकी मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे थे।

फरवरी में गई थी एक व्यक्ति की जान

बता दें कि, इसी साल फरवरी महीने में भी बागेश्वर धाम में एक व्यक्ति की अचानक जान चली गई थी। बागेश्वर धाम में परिक्रमा के दौरान एक 22 साल युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मदरियापुर गांव का रहने वाला था। हालांकि, परिजनों के अनुसार रामानंद पहले से बीमार था और ठीक से बोल भी नहीं पाता था। (MP News)

Updated on:
08 Apr 2026 04:48 pm
Published on:
08 Apr 2026 04:48 pm