MP News: एमकेसी कंपनी के फील्ड ऑफिसर को दफ्तर में घुसकर किडनैप कर ले गए बदमाश, 10 लाख रुपये की फिरौती लेने के बाद भी जंगल में रखा कैद, पुलिस ने सर्चिंग कर सुरक्षित छुड़ाया।
MP News: मध्यप्रदेश के छतरपुर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े फोरलेन कंपनी के दफ्तर में घुसकर कंपनी के अफसर का अपहरण कर लिया। बदमाश अफसर को किडनैप कर अपने साथ ले गए और फिर कंपनी से 10 लाख रुपये की फिरौती वसूल ली, लेकिन फिरौती लेने के बाद बदमाशों ने अफसर को रिहा नहीं किया। बदमाश अफसर को जंगल में बंधक बनाए हुए थे जिसे पुलिस ने रातभर सर्चिंग करने के बाद सुरक्षित बदमाशों के चंगुल से रिहा कराया।
घटना बुधवार दोपहर की है, मुरैना के रहने वाले रामखिलाड़ी शर्मा सागर-कानपुर फोरलेन का निर्माण कर रही एमकेसी कंपनी में फील्ड ऑफिसर हैं। वो बुधवार को अपने दफ्तर पहुंचे थे तभी पहले से घात लगाए बैठे भान सिंह यादव, विशाल यादव और उनके साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने कार्यालय के भीतर ही पहले उनके साथ मारपीट की और फिर डरा-धमकाकर अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए। अफसर की किडनैपिंग की पूरी घटना दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई जिसमें आरोपी साफ-साफ नजर आ रहे हैं।
फील्ड अफसर रामखिलाड़ी शर्मा को किडनैप कर आरोपी अपने साथ ले गए और कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय सोढ़ी को फोन कर रामखिलाड़ी की जान के बदले 50 लाख रुपए की मांग की। कंपनी ने अपने कर्मचारी की जान बचाने के लिए तुरंत आरोपियों द्वारा दिए गए बैंक खातों में 10 लाख रुपए (5-5 लाख की दो किस्तें) ट्रांसफर कर दिए। लेकिन पैसा मिलने के बाद भी आरोपियों ने रामखिलाड़ी शर्मा को रिहा नहीं किया। इसके बाद कंपनी की ओर से पुलिस को सूचना दी गई।
फोरलेन कंपनी के अफसर की किडनैपिंग की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मोबाइल लोकेशन सर्च की। मोबाइल लोकेशन सटई थाना क्षेत्र के पहाड़ी और जंगली इलाकों की मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें रात में ही सर्चिंग पर निकलीं। जब पुलिस आरोपियों के करीब पहुंची तो आरोपी रामखिलाड़ी को जंगल में ही छोड़कर भाग गए। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि जिन आरोपियों ने किडनैपिंग की थी वो फोरलेन कंपनी में मिट्टी सप्लाई का काम करते थे। इस काम में आरोपियों को करीब 50 हजार रुपये का घाटा हुआ था और उसी घाटे को वसूलने के लिए उन्होंने फील्ड ऑफिसर की किडनैपिंग की और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। इसके साथ ही पुलिस ने जिन खातों में फिरौती के 10 लाख रुपये भेजे गए थे उन्हें भी फ्रीज करा दिया है।