छतरपुर

एमपी के इस गांव में चल रही थी ‘मौत’ की फैक्ट्री, 4 गिरफ्तार

MP News: मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने अवैध हथियारों की फैक्ट्री पर मारा छापा, भारी मात्रा में हथियार और उपकरण जब्त, हथियार खरीदने वाले 2 आरोपियों सहित 4 गिरफ्तार।

2 min read
May 02, 2026
illegal arms factory busted four arrested

MP News: मध्यप्रदेश के छतरपुर में पुलिस ने बड़ी स्ट्राइक करते हुए अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर देशी कट्टे बनाए जा रहे थे। इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल कट्टा बनाने वाले मुख्य आरोपियों को पकड़ा है, बल्कि उन्हें बेचने वाले और खरीदने वाले अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर के द्वारा गांव में अवैध हथियारों की फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली थी।

ये भी पढ़ें

‘मौत’ के तूफान की प्रदीप ने बताई आपबीती, कफन हटाकर पत्नी-बेटे से बोले- ‘यूं खामोश मत रहो’

गांव में बन रहे थे अवैध हथियार

कोतवाली पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम कांटी के पास कुछ लोग अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल संबंधित स्थान पर दबिश दी, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दो लोग अवैध कट्टा बना रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा और तलाशी ली तो वहां से हथियारों का जखीरा बरादम हुआ। पुलिस को मौके से अवैध हथियार बनाने की आधुनिक मशीनें भी मिली हैं जिन्हें देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। जिन दो आरोपियों को कट्टा बनाते पकड़ा है उनके नाम संदीप रैकवार और राम प्रसाद विश्वकर्मा हैं।

भारी मात्रा में हथियार जब्त

पुलिस ने कारखाने से 315 बोर के तीन तैयार देशी कट्टे और एक अधबना कट्टा बरामद किया है। इसके अलावा, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों का पूरा सेट जब्त किया गया है, जिसमें ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, लोहे की धुकनी, हथौड़े, आरी, रेती, 18 प्रकार के बर्मा और भारी संख्या में स्प्रिंग व ट्रिगर शामिल हैं। साथ ही मौके से जिंदा कारतूस और खाली खोखे भी बरामद हुए हैं।

नेटवर्क का खुलासा: खरीदार भी पुलिस की गिरफ्त में

अवैध हथियार बनाने वाले आरोपियों को पकड़ने के बाद जब पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की तो अवैध हथियारों के नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपियों से मिली जानकारी के बाद पुलिस इस नेटवर्क के खरीदारों तक भी पहुंच गई। पुलिस ने सुनील अहिरवार और कल्लू पाल को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने हाल ही में इस फैक्ट्री से हथियार खरीदे थे। इनके पास से दो 315 बोर के कट्टे बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी रोहित राजा फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

एएसपी आदित्य पटले और सीएसपी अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में हुई इस सफल कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह, साइबर प्रभारी नेहा सिंह गुर्जर और उनकी टीम के साथ-साथ बंशिया, गोयरा, बिजावर थाना प्रभारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्यवाही से इलाके के अवैध हथियार तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

ये भी पढ़ें

चिल्लाते रहे बच्चे, फोन पर मां ने सुनी चीखें, पिता ने कमरे में बंद कर लगाई आग
Published on:
02 May 2026 06:28 pm
Also Read
View All