छतरपुर

पत्रिका इम्पैक्ट: सरहद के रक्षक की सुध, खबर छपते ही हरकत में आई हरपालपुर पुलिस; चोरी के 8 दिन बाद एफआईआर दर्ज

खबर प्रकाशित होने के चंद घंटों के भीतर ही, सुस्त पड़ी हरपालपुर थाना पुलिस अचानक हरकत में आई और पीड़ित आर्मी जवान के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में आखिरकार एफआईआर दर्ज कर ली।

2 min read
Apr 30, 2026
पत्रिका इम्पैक्ट

छतरपुर. जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में सरहद के रक्षक के साथ हो रहे अन्याय को लेकर पत्रिका में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ है। खबर प्रकाशित होने के चंद घंटों के भीतर ही, सुस्त पड़ी हरपालपुर थाना पुलिस अचानक हरकत में आई और पीड़ित आर्मी जवान के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में आखिरकार एफआईआर दर्ज कर ली।

क्या था मामला?

शिक्षक कॉलोनी हरपालपुर में रहने वाले आर्मी जवान पुष्पेंद्र सिंह बुंदेला के सूने घर में बीते 21-22 अप्रेल 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला था। जवान अपने परिवार के साथ झांसी के मऊरानीपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। जब वह अगले दिन लौटा, तो घर के ताले टूटे मिले और अलमारी से 50 हजार रुपए नकद सहित करीब 5 लाख रुपए से अधिक कीमत के चांदी के जेवरात (लगभग 2 किलो चांदी, कमरबंद, पायल, बिछिया और सिक्के) गायब थे।

एक हफ्ते तक भटकता रहा जवान

हैरानी की बात यह थी कि चोरी की सूचना मिलते ही डायल 112 टीम मौके पर पहुंची थी। जवान ने थाने में लिखित आवेदन भी दिया, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी हरपालपुर पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी करती रही। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाला जवान अपनों के बीच ही न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर था। पत्रिका ने खाकी की कार्यशैली पर सवाल शीर्षकों के साथ इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया।

खबर का असर: दर्ज हुई एफआईआर

अखबार में खबर छपते ही पुलिस के आला अधिकारी सक्रिय हुए। दोपहर 12:11 बजे हरपालपुर थाने में आर्मी जवान पुष्पेंद्र सिंह बुंदेला की मौखिक रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 331(4) (घर में चोरी के लिए घुसना) और 305(ए) (चोरी) के तहत मामला पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना कार्यवाहक प्रधान आरक्षक ब्रजराज सिंह परमार को सौंपी गई है।

Published on:
30 Apr 2026 12:23 pm
Also Read
View All