
नौगांव। जिला पंचायत सदस्य पति व भाजपा के खेल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रहे संतोष पाराशर चार दिन से फरार रहे। दुष्कर्म के आरोपी संतोष पाराशर व एक सहआरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। गुरुवार को जब पुलिस दुष्कर्म पीडि़ता के घर पहुंची तो पीडि़ता के परिजनों ने पुलिस के सामने ही अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर रोष व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। एक टीम का नेतृत्व स्वयं नौगांव थाना प्रभारी कर रहे हैं। जबकि दूसरी टीम का नेतृत्व गर्रोली चौकी प्रभारी धमेंद्र कुमार कर रहे हैं। गुरुवार को पुलिस द्वारा आरोपी के घर पहुंच कर दबिश दी गई। साथ ही आरोपी के परिजनों से पूछताछ की गई। हालांकि पुलिस के हाथ खाली ही रही। वहीं पुलिस दुष्कर्म पीडि़ता की घर पहुंची। जहां परिजनों ने आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी न होने पर पुलिस के सामने ही पुलिस पर काफी रोष दिखाया। तब थाना प्रभारी दुष्कर्म पीडि़त के परिजनों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। इसके बाद पुलिस द्वारा आरोपी की लाइसेंसी पिस्टल को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। टीआई विनायक शुक्ला ने बताया कि पीडि़ता के बयान के अनुसार आरोपी संतोष पाराशर ने पिस्टल की नोंक पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी के पास जो लाइसेंसी पिस्तौल है उसके लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया पुलिस द्वारा शुरू की गई है। आरोपी के पिस्टल के लाइसेंस को निरस्त कराया जाएगा।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी महिला कांग्रेस
छतरपुर। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवानी चौरसिया के नेतृत्व में गुरुवार को कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शिवानी चौरसिया ने कहा कि बीजेपी खेल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं जिला पंचायत सदस्य पति संतोष पाराशर ने एक घोर निंदनीय कृत्य करते हुए अपनी रिश्ते की भतीजी के साथ ही कुकृत्य करते हुए सारे रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर डाला। इसके बावजूद भी पुलिस प्रशासन द्वारा आज तक उसे हिरासत में नहीं लिया गया। इस मामले में कहीं न कहीं पुलिस प्रशासन की मंशा संदेहास्पद प्रतीत होती है। महिला कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पुलिस प्रशासन का घेराव एवं धरना दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में अनवरी खातून, रमा चौहान, सपना चौरसिया, दीप्ति पांडे, सुषमा अग्रवाल, शबनम, संतोष तिवारी, सरमन लाल मिश्रा, अशोक मिश्रा, लखन पटेल, विशाल शर्मा, अभिलेख खरे, पवित्र खरे, राजेंद्र सिंह चौका, राघवेंद्र सिंह बघेल, सुरेन्द्र शिवहरे आदि शामिल रहे।
वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग
छतरपुर। जिला पंचायत सदस्य व नौगांव थाना क्षेत्र के बरा कीरतपुरा गांव निवासी अनीता राजौरिया गुरुवार को अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। इस दौरान उसने एक आवेदन सौंपा। जिसमें कहा कि मेरे पति संतोष कुमार राजौरिया एक राजनैतिक दल के सदस्य हैं। मेरे पति को राजनीति षडय़ंत्र के तहत फंसाया गया है। उन्होंने संपूर्ण मामले की किसी वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराकर मेरे पति का नाम उक्त प्रकरण से पृथक कर प्रकरण का निराकरण कर मुझे न्याय दिलाया जाए। जांच के लंबित रहने के दौरान मेरे पति की गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
विनायक शुक्ल, थाना प्रभारी नौगांव