मोहगांव से जूनेवानी फिल्टर प्लांट तक बिछेगी 26 किमी पाइपलाइन
छिंदवाड़ा/ पांढुर्ना नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए मोहगांव से जूनेवानी फिल्टर प्लांट तक 26 किमी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। करीब 29 करोड़ रुपए की लागत की इस परियोजना का जिम्मा पीएचइ विभाग को दिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने टेण्डर प्रक्रिया होने के बाद प्रोजेक्ट को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस परियोजना के पूरा होने पर पांढुर्ना की पेयजल समस्या का हमेशा के लिए अंत हो जाएगा।
विभागीय जानकारी के अनुसार पिछले कुछ साल से पांढुर्ना की पेयजल आपूर्ति के लिए पहले कामठीकलां जलाशय से पानी लेने का प्रस्ताव था। कांग्रेस सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने मोहगांव जलाशय से पानी लेने के प्रस्ताव का सर्वेक्षण किया। उन्होंने पाया कि कामठीकलां जलाशय की जगह मोहगांव बांध से पानी लेना ज्यादा उपयुक्त है। सबसे बड़ी बात यह थी कि कामठीकलां में लगभग 140 हैक्टेयर जमीन डूब में आने से भू-अर्जन पर 58 करोड़ रुपए लगते, लेकिन मोहगांव में पृथक से भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होने से लागत की बचत होगी। इस प्रोजेक्ट में अधिग्रहण का समय और धनराशि बचने पर राज्य शासन द्वारा इस प्रोजेक्ट को मंजूर कर दिया है। पीएचइ विभाग मोहगांव से जूनेवानी फिल्टर प्लांट तक पाइपलाइन बिछाने के साथ मोहगांव में इंटकवेल बनाएगा। इस परियोजना को छह माह में पूरा करने का इरादा विभागीय अधिकारियों ने जताया है। इसकी टेण्डर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
पांढुर्ना के पेयजल प्रोजेक्ट की मंजूरी मिलने के बाद इसकी टेण्डर प्रक्रिया शुरू हो गई है। टेण्डर मंजूरी के बाद विभाग द्वारा 26 किमी की पाइप लाइन और इंटकवेल का निर्माण छह माह में कर दिया जाएगा।
-एके श्रीवास्तव,कार्यपालन यंत्री पीएचई विभाग।
माचागोरा बांध का जलस्तर फिर 625.10 मीटर पहुंचा
तामिया, जुन्नारदेव की बारिश से पेंच नदी में बने प्रवाह के चलते बुधवार शाम को माचागोरा बांध का जलस्तर पुन: 625.10 मीटर पर पहुंच गया। एक दिन पहले जल स्तर 624.78 मीटर पर था। बांध के सभी गेट इस समय बंद है। जल संसाधन विभाग द्वारा अभी इस जल संग्रहण पर कोई फैसला नहीं किया गया है। इस सीजन में तीन से चार बार गेट खोले जा चुके हैं। इधर,कन्हरगांव डैम में पानी का स्तर 712.65 मीटर पर रहा।