
BJP News:छिंदवाड़ा में 5 प्रतिशत कमीशन का आडियो वायरल होने से चर्चा में रहे भाजपा के परासिया नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय (Municipal President Vinod Malviya) को शनिवार को संगठन की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने मालवीय के निलंबन का आदेश जारी किया।
जिलाअध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि परासिया नगर पालिका अध्यक्ष मालवीय पर अनुशासनहीनता के आरोप थे। जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही थी। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर उन पर निष्कासन की कार्रवाई की गई है। यादव ने कहा कि नगर पालिका में पार्टी के प्रभाव और सत्ता की मौजूदगी पर बाद में विचार किया जाएगा। अभी मामला अनुशासनहीनता का था इस लिए कार्रवाई करनी पड़ी। (MP News)
कार्रवाई के पीछे भाजपा नेता का सोशल मीडिया में वायरल आडियो (Viral Audio) बताए जा रहे हैं। दावा किया गया था कि नगर पालिका अध्यक्ष मालवीय अमृत योजना के तहत होने वाले कार्यों पर ठेकेदार से 5 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे थे। इसमें कहा जा रहा था कि इस बार 4 प्रतिशत से काम नहीं चलेगा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर शराब ठेकेदार के साथ बातचीत का ऑडियो वायरल होने के कारण भी सुर्खियों में आए थे। इस मामले में कांग्रेस मोर्चा खोले हुए थे। लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था।