दो नाटकों की देंगे प्रस्तुति, ऑडिटोरियम मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में आयोजन, खलनायक एवं पांचवा पराठा का होगा मंचन
छिंदवाड़ा. भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई ऑडिटोरियम मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में आयोजित छत्तीसगढ़ नाट्योत्सव में शामिल होने जिले की नाट्य संस्था ओम मंच पर अस्तित्व के कलाकार रवाना हुए। कलाकार दो नाटकों की प्रस्तुति देंगे। इसमें वरिष्ठ रंगकर्मी विजय आनंद दुबे अभिनीत एकल नाटक खलनायक एवं पद्मश्री गिरिराज किशोर की कहानी पर आधारित नाटक पांचवा पराठा का मंचन होगा। दोनों ही नाटकों का मंचीय रूपांतरण युवा नाटककार एवं संस्था सचिव शिरिन आनंद दुबे ने किया है एवं निर्देशन विजय आनंद दुबे ने किया है। नाटक पांचवा पराठा में मंच पर नवोदित कलाकार मुकेश जगदेव, मोहिता मुकेश कमलेंदु, धीरज डेहरिया, श्रुति हिड़ाऊ, तुहिना जगदेव एवं संस्था संरक्षक विजय आनंद दुबे विभिन्न किरदार निभाते नजर आएंगे। रंगभूषा का दायित्व देवेश कोल्हेकर, ध्वनि प्रकाश विजय सोलापुरे, मंच सामग्री प्रतीश विश्वकर्मा ने निभाया है। पूर्वाभ्यास में पं. श्रीकांत द्विवेदी, स्वस्ति, सुनिता ने सहयोग दिया। संस्था अध्यक्ष राजेंद्र आचार्य ने जानकारी दी।
छिंदवाड़ा. भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच द भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अंतर्गत छिंदवाड़ा ओपन ग्रुप द्वारा लगातार छठवें दिन भी जल सेवा अभियान पूरी सेवा भावना और उत्साह के साथ चलाया गया। स्टेशन परिसर में यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराकर सदस्यों ने मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अभियान में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं यूनिट लीडर्स ने बढ़-चढकऱ भाग लिया। सभी सदस्यों ने अनुशासन, टीमवर्क और समर्पण के साथ यात्रियों को पानी पिलाया तथा गर्मी से राहत पहुंचाई। सेवा कार्य के दौरान सदस्यों का उत्साह और ऊर्जा देखते ही बन रही थी। यात्रियों ने भी इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। कई यात्रियों ने कहा कि तपती गर्मी में यह सेवा उनके लिए किसी राहत से कम नहीं है। स्टेशन पर उपस्थित लोगों ने स्काउट्स एवं गाइड्स की सेवा भावना को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। सेवा ही हमारा धर्म है के संदेश को आत्मसात करते हुए छिंदवाड़ा ओपन ग्रुप का यह अभियान लगातार यात्रियों के बीच मानवता, संवेदनशीलता और समर्पण की मिसाल बनता जा रहा है।
छिंदवाड़ा. सौंसर में धनोज कुनबी समाज भवन के अतिरिक्त निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद बंटी विवेक साहू मौजूद रहे। उन्होंने भूमिपूजन के पश्चात उपस्थित जनों को संबोधित किया। कहा कि मेरा मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित निराकरण करना है। पिछले सांसदों की तरह मैं इस बात की गिनती नहीं कराना चाहता कि मैंने कितनी राशि दी। महत्वपूर्ण यह है कि विकास कार्य धरातल पर दिखें।बता दें कि सांसद निधि से भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज संगठन के अध्यक्ष युवराज वासाडे ने की। मंच संचालन उमाजीचिपड़े गुरुजी ने किया। सांसद ने कहा कि हर समाज को अपने संगठन के माध्यम से समाज के सबसे निचले तबके के व्यक्ति की चिंता करनी चाहिए। समाज के संगठनों को एकजुट रहकर समाज के विकास के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प की तर्ज पर समाज संगठनों से एकजुट होकर समाज और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आव्हान किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप भाऊ मोहोड़, नपा अध्यक्ष सुरेखा डागा, जनपद अध्यक्ष संजय भूते, सांसद प्रतितिधिअलकेश लांबा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजू नरोटे सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
छिंदवाड़ा. श्री शिव गजानन मंदिर विवेकानंद कॉलोनी में श्री दादाजी धूनीवाले के दो दिवसीय अखंड नाम संकीर्तन का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ। परमात्मा नम: के संस्थापक आनंद बक्शी ने बताया कि गोपीचंद पवार एवं पवार परिवार द्वारा आयोजित दो दिवसीय अखंड नाम संकीर्तन में शुक्रवार सुबह आचार्य पंडित नारायण द्विवेदी द्वारा भगवान का अभिषेक किया गया। इस अवसर पर सत्यनारायण कथा का वाचन किया गया। आरती में बड़ी संख्या में मातृशक्तियों ने सहभागिता की। दादाजी का प्रिय प्रसाद टिक्कड़ को ग्रहण करने के लिए काफी संख्या में भक्त पहुंचे। मेहरा खापा एवं दादाजी दरबार खंडवा से पधारी मंडलियों ने अखंड नाम संकीर्तन का जय घोष किया। इस दो दिवसीय आयोजन में संत गजानन गुणगान मंडल सच्चिदानंद सेवा समिति, जय जय रघुवीर समर्थ मंडल एवं क्षत्रीय पवार समाज के एवं श्री दादाजी धूनी वालों के सभी भक्तों का सहयोग रहा।
छिंदवाड़ा. राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस छिंदवाड़ा ग्रामीण भाग एक व भाग दो की आवश्यक बैठक संपन्न हुई। आयोजित बैठक में मुख्य रूप से संगठन को और अधिक मजबूत करने, नगरीय निकाय चुनाव, पंचायत चुनावों की तैयारियों पर जोर दिया गया। बूथ कमेटियों व पंचायत कमेटियों के गठन को लेकर चर्चा की गई। गठित कमेटियों की कार्यप्रणाली व सक्रियता को लेकर वरिष्ठों ने जानकारी मांगी। साथ ही जहां अभी तक इन कमेटियों का गठन नहीं किया गया है वहां तत्काल प्रभाव से गठित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि बूथ कमेटियों के गठन में औपचारिकता न निभाई जाए। पूरी गंभीरता के साथ ही गठन करें और उसकी सूचना जिला कांग्रेस कमेटी को प्राथमिकता के आधार पर समय से दें ताकि उस और कार्य किया जा सके। जहां आवश्यकता है वहां बदलाव अभी करें। उन्होंने आगे कहा कि सभी कमेटियां सक्रिय रहे। छिंदवाड़ा विधानसभा प्रभारी गोविंद राय ने कहा कि संगठन में सक्रियता बहुत आवश्यक है। पार्टी के सभी कार्यक्रमों में उपस्थिति को सुनिश्चित करें। धरना, प्रदर्शन अथवा आंदोलनों में एकजुटता दिखाई देनी चाहिए। सभी को साथ लेकर चलें तभी सफर तय होगा और हमारा लक्ष्य भी पूरा हो पाएगा। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक बिन्दुओं से अवगत कराते हुए उनका पालन हर हाल में करने के लिए निर्देशित किए। आयोजित बैठक में समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।