
chhindwara
छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ ब्लॉक के छह ग्राम कोडामऊ, पालामऊ, केकड़ा, तिकाड़ी, चिखली व बीसापुर के अनेक मक्का उत्पादक किसान अपनी बेची हुई उपज के शेष भुगतान के लिए भटक रहे हैं। जिला किसान कांग्रेस के नेतृत्व में पीडि़त किसानों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर व्यापारी से बकाया भुगतान कराने का आग्रह किया। सौंसर विधायक विजय चौरे व किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह के नेतृत्व में किसान कांग्रेस ने पीडि़त किसानों के साथ नियंत्रण कक्ष पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया। इसमें बताया गया कि वर्ष 2025-26 में मोहखेड़ ब्लॉक के इन गांवों के किसानों ने व्यापारी राजा निवासी गाडऱवाड़ाभाजीपानी को 15 सौ क्विंटल मक्का 17 सौ रुपए के मूल्य से बेचा था। लगभग 6-7 माह बीतने के बाद भी किसानों का 25 लाख रुपए से अधिक का भुगतान अटका है। किसानों ने बकाया राशि के तत्काल भुगतान और धोखाधड़ी करने वाले व्यापारियों को जिले में व्यापार करने से रोकने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय किसान कांग्रेस के पदाधिकारी देवकरण पटेल, अर्जुन वानखेड़े, गुलाब चौधरी, मुकेश भादे, अशोक फरकारे, योगेश सातनकर व कई पीडि़त किसान उपस्थित रहे।
छिंदवाड़ा. वीर मेमोरियल फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को सांसद विवेक बंटी साहू से उनके कार्यालय में मुलाकात करते हुए उनके प्रकाशित पत्रिका भेंट की है। वीर मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष रविकांत अहिरवार ने बताया कि उनकी टीम द्वारा बाल स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सहायता, पर्यावरण सरंक्षण, जीव रक्षा एवं जागरूकता अभियान, शिक्षा एवं सामाजिक चेतना अभियान एवं खेल, प्रतिभा एवं महिला सशक्तिकरण को लेकर पत्रिका का प्रकाशन किया गया है। इस दौरान मेमोरियल फाउंडेशन के सचिव विक्रम अहिरवार, फाउंडर सदस्य हजारी लाल सोनी, विश्वेन्द्र बैस, करण चौरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थें।
छिंदवाड़ा. देहात थाना अंतर्गत सांदीपनी विद्यालय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुरैया हाई स्कूल में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया तथा नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने एवं नशा करने से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में अवगत कराया गया। जीवन में कभी नशा नहीं करना और ना ही अपने परिवार की किसी सदस्य को नशा करने देना समाज और राष्ट्र को नशा मुक्त बनाने के लिए शपथ दिलाकर आवश्यक रूप से समझाइए दी गई। इस दौरान स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों समेत देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत, एएसआई नितेश ठाकुर सहित अन्य उपस्थित थे।
छिंदवाड़ा. राजमाता सिंधिया गल्र्स कॉलेज की एनसीसी गल्र्स कैडेट्स ने 24 वीं मप्र बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल अमनप्रीत सिंग के नेतृत्व में 1000 पौधों का रोपण किया। कॉलेज की एनसीसी अधिकारी मेजर सिम्पल पाटिल ने बताया कि विगत 15 दिनों से गल्र्स कैडेट्स ने वन विभाग के सहयोग से पोआमा के समीप जंगल एवं ग्राम में पौधों का रोपण कर लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। इसमें मुख्य रूप से सागौन, पीपल, जामुन सहित अन्य पौधे शामिल रहे। इसके अलावा पार्क, कॉलेज प्रांगण सहित अन्य जगहों पर भी पौधरोपण किया गया। प्राचार्य डॉ. अस्मिता मुंजे सहित अन्य स्टॉफ ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
Updated on:
17 Jul 2026 08:48 pm
Published on:
17 Jul 2026 08:48 pm
