छिंदवाड़ा

जब राजस्व निरीक्षक का रास्ता रोककर दो भाईयों ने किया हमला, शिकायत पर एफआईआर

रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली पकडऩे के बाद मारपीट व जान से मारने की दी धमकी, पुलिस जुटी जांच में, पूरा राजस्व अमला पहुंचा था शिकायत करने, जिले में अवैध कारोबारियों के हौसले हो रहे बुलंद
2 min read
junnardev police
junnardev police

छिंदवाड़ा. जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं। तहसीलदार और एसडीएम के निर्देश पर अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाने में सुपुर्द करके लौट रहे राजस्व निरीक्षक राहुल कबेरिया के साथ बीच सडक़ पर मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह करीब 10.15 बजे राजस्व निरीक्षक राहुल कबेरिया ने अधिकारियों के निर्देश पर हिमांशु तांडेकर की रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर जुन्नारदेव थाने में खड़ी कराई थी। इसके बाद दोपहर करीब 12.30 बजे जब राजस्व निरीक्षक नंदलाल स्कूल के पास फ्लाईओवर ब्रिज और नगर पालिका टंकी के पास से गुजर रहे थे, तभी आरोपी हिमांशु तांडेकर और उसके भाई हरीश तांडेकर ने रास्ता रोका तथा मारपीट शुरु कर दी। आरोपियों ने राजस्व निरीक्षक को बीच सडक़ पर रोककर चांटा मारा और धमकी दी कि देखते हैं तू कैसे नौकरी कर पाएगा। यह पूरी घटना प्रत्यक्षदर्शी विजय धुर्वे और विनोद कोटवार के सामने घटित हुई है। पीडि़त राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर जुन्नारदेव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

राजस्व अमला पहुंचा जुन्नारदेव थाने


विवाद के बाद राजस्व अमला जुन्नारदेव थाने पहुंचा जहां पर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पुलिस प्रशासन से की गई। इस दौरान तहसीलदार, पटवारी कोटवार सहित बड़ी संख्या में राजस्व के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। यह पूरी घटना प्रत्यक्षदर्शी विजय धुर्वे और विनोद कोटवार के सामने घटित हुई है। पीडि़त राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर जुन्नारदेव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

आरोपियों ने भी लगाए है आरोप


आरोपी भाईयों ने थाना परिसर के अंदर आरआई द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप लगाए हैं। आरोपियों का कहना है थाना परिसर पहुंचे तब आरआई राहुल कावरिया द्वारा उनके साथ थाना परिसर के अंदर ही मारपीट की गई है उन्होंने आरआई पर कार्यवाही हेतु थाने में आवेदन भी दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
27 Jul 2026 12:08 pm
Published on:
27 Jul 2026 12:03 pm