लाखों के जेवर व नकद लेकर हुए फरार, दो बाइक भी की चोरी
छिंदवाड़ा. पांढुर्ना जिले के सौंसर थाना क्षेत्र में शनिवार तडक़े तीन बजे कपास कारोबारी के आलीशान घर में छह से अधिक बदमाशों ने घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दे दिया। बताया जाता है कि सभी बदमाश हाफ पैन्ट एवं टीशर्ट में आए हुए थे। ऐसे में इसे चड्डी बनियान गिरोह से जोडकऱ देखा जा रहा है। कारोबारी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु की। हालांकि कारोबारी के घर सीसीटीवी न लगे होने से बदमाशों की पहचान तत्काल नहीं हो पाई। जानकारी के अनुसार सिविल लाइन्स निवासी राजेन्द्र सावल(63) कपास का कारोबार करते हैं और उनकी जाम में फैक्ट्री है। उनका एक बेटा और बहू है। बहू नागपुर में नौकरी करती है और बेटा पिता के काम में हाथ बंटाता है। घर में प्रथम तल पर बेटा-बहू रहते हैं वहीं ग्राउंड फ्लोर पर राजेन्द्र अपनी पत्नी कल्पना सावल(55) के साथ रहते हैं। शुक्रवार रात बेटा-बहू नागपुर में थे। शनिवार सुबह तीन बजे राजेन्द्र के घर छह से अधिक बदमाश घुस आए। उन्होंने दंपति को बंधक बना लिया। राजेन्द्र के हाथ बांध दिए और कनपटी पर बंदूक रख दी। कल्पना को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दे दी। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, मंगलसूत्र, पांच से छह घड़ी, 35 हजार रुपए नकद सहित लगभग 19 लाख रुपए का सामना लेकर फरार हो गए। गनीमत रही कि डकैतों ने दंपति को कोई चोट नहीं पहुंचाई। डकैत जाते-जाते दंपति का मोबाइल भी साथ ले गए। जिससे वे तत्काल पुलिस को कोई सूचना न दे सकें। दंपति ने सुबह 4 बजे के आसपास सौंसर थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
बंदूक की नोक पर दिया घटना को अंजाम
व्यापारी राजेन्द्र ने पुलिस को बताया कि डकैतों ने घर की लाइट जलाने नहीं दी। अधिकतर के हाथ में डंडा था। एक ने कनपटी पर बंदूक जैसी कोई चीज रख दी। इसी दौरान पत्नी कल्पना ने उनसे कहा कि आपको घर से जो लेना है ले लीजिए, लेकिन हमें छोड़ दीजिए। इसके बाद बदमाशों ने आलमारी में रखे जेवर, नकदी सहित घर में अन्य जगहों से जो भी महंगी वस्तु मिली वे लेकर फरार हो गए।
एक से पेट्रोल लेकर दो बाइक में भरकर हुए फरार
डकैती करने के बाद बदमाशों ने कुछ कदम की दूरी से दो बाइक भी चोरी की। पास में ही एक बाइक से पेट्रोल निकाली और दोनों बाइक में भरकर फरार हो गए।
पीछे से किचन के रास्ते घर में घुसे
सौंसर टीआई अलीभांसा मर्सकोले ने बताया कि शुरुआती जांच में अंदेशा लगाया जा रहा है कि बदमाश घर के पीछे किचन से घुसे होंगे। उन्होंने खिडक़ी के दो ग्रील काटे और फिर एक बदमाश घर में घुस गया। इसके बाद किचन का दरवाजा खोलकर सभी घर के अंदर पहुंचे। दंपति का रूम खुला हुआ था। इसलिए बदमाश सीधे उनके रूम में पहुंचे और राजेन्द्र को उठाया और इसके बाद घटना को अंजाम दिया।
इनका कहना है…
एसपी एवं एएसपी के निर्देशन में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में आ जाएंगे।
जीवीएस नागर, एसडीओपी, सौंसर