छिंदवाड़ा

बच्चों को भूख से तड़पते देखा… शुरू किया मिशन ‘उतना लो थाली में, फेंका न जाए नाली में,’ जुटाते हैं बचा भोजन

MP News: समिति करीब 13 हजार कार्यक्रमों का भोजन बर्बाद होने से बचाकर जरूरतमंदों तक पहुंचा चुकी है। भोजन बचने की जानकारी मिलने पर समिति सदस्य आयोजकों से बात कर टीम को भेजते हैं। समिति का वाहन ताजा और सुरक्षित भोजन एकत्र करता है
less than 1 minute read
MP news
MP news: समिति के सदस्य खुद उठाते हैं खर्च भी, किसी को भूखा सोने नहीं देते।

MP News: शादी-ब्याह और बड़े निजी आयोजनों में बचा हुआ भोजन अब कचरे में नहीं फेंका जाता। 15 वर्ष से सक्रिय श्रीराम नाम सेवा समिति ने इसे मिशन बना लिया है। समिति करीब 13 हजार कार्यक्रमों का भोजन बर्बाद होने से बचाकर जरूरतमंदों तक पहुंचा चुकी है। संस्था के संस्थापक सदस्य राज साहू के अनुसार उन्होंने एक विवाह समारोह में देखा कि लोग थालियों में खाना छोड़ रहे हैं।

दरवाजे के बाहर खड़े कुछ लोग और बच्चे भोजन की उम्मीद में खड़े हैं। इसके बाद से उन्होंने ‘उतना लो थाली में, फेंका न जाए नाली में’ अभियान चलाया। इसका खास असर नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने समारोहों के बाद बचे भोजन की स्थिति देख खाना कलेक्शन का अभियान चलाया। सहयोग के लिए लोग जुड़ते भी जा रहे हैं।

ऐसे चलती है यह सेवा

आयोजन से भोजन बचने की जानकारी मिलने पर समिति सदस्य आयोजकों से बात कर टीम को भेजते हैं। समिति का वाहन ताजा और सुरक्षित भोजन एकत्र करता है, जिसे उसी रात या अगली सुबह तक झुग्गी बस्तियों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों में वितरित कर दिया जाता है। समिति लोगों को भोजन नहीं छोड़ने के लिए जागरूक भी कर रही है। साहू के अनुसार टीम के 20-25 सदस्य रोजाना सक्रिय रहते हैं। कई बार एक ही रात में 3-4 आयोजनों से भोजन एकत्र हो जाता है।

सदस्य उठाते हैं खर्च

वाहन संचालन, बर्तन व अन्य व्यवस्थाओं का खर्च समिति सदस्य स्वयं उठाते हैं। समिति में प्रमुख रूप से दिनेश चौधरी, विकास वात्सल्य, रोहित सोनी, जितेंद्र तोमर, सोनू साहू, दिनेश धुर्वे, अजय ठाकरे, विजय चौकसे आदि शामिल हैं।

Updated on:
18 Nov 2025 09:23 am
Published on:
18 Nov 2025 09:21 am