छिंदवाड़ा

Chhindwara News: बड़ा हादसा टला, टेक-ऑफ से पहले प्लेन के इंजन में आई खराबी, नकुलनाथ-हरीश चौधरी थे सवार

Nakul Nath Plane Technical Fault: भोपाल में होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए छिंदवाड़ा से प्लेन से आ रहे थे नकुलनाथ और हरीश चौधरी, विमान तकनीकी खराबी के कारण नहीं भर सका उड़ान।
2 min read
chhindwara nakul nath
nakul nath harish choudhary plane technical fault, नकुलनाथ की पुरानी तस्वीर (Source- Nakul Nath facebook page)

Chhindwara Nakul Nath Plane Technical Fault: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में मंगलवार को उस वक्त एक बड़ा हादसा होने से टल गया जब पूर्व सांसद नकुलनाथ और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी अपने स्टाफ के साथ प्लेन से भोपाल के लिए उड़ान भरने वाले थे। रनवे पर टेकऑफ से पहले ही विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई जिसके कारण प्लेन उड़ान नहीं भर सका। विमान में तकनीकी खराबी आने का पता चलते ही पायलट ने दोनों नेताओं को विमान से उतार दिया।

टेकऑफ से पहले प्लेन में आई खराबी

भोपाल में होने वाली कांग्रेस की बैठक में शामिल होने के लिए विमान से नकुलनाथ और हरीश चौधरी छिंदवाड़ा से भोपाल के लिए रवाना होने वाले थे। दोनों नेता विमान में अपने स्टाफ के साथ सवार हुए लेकिन जैसे ही पायलट ने टेकऑफ के लिए प्लेन स्टार्ट किया तो इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते ही प्लेन से दोनों नेताओं व स्टाफ के लोगों को उतार दिया। इसके बाद हरीश चौधरी सड़क मार्ग से भोपाल के लिए रवाना हुए। वहीं प्लेन में आई खराबी आने के बाद नकुलनाथ ने भोपाल आने का कार्यक्रम रद्द कर दिया और नागपुर लौट गए।

नकुलनाथ ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

नकुलनाथ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए विमान में तकनीकी खराबी आने की जानकारी दी है, उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है- प्रिय साथियों, विमान में तकनीकी खराबी के कारण मेरा भोपाल दौरा रद्द हो गया है, जिसके लिए मैं आप सभी से हृदय से क्षमा चाहता हूं। मेरी बहुत इच्छा थी कि इस अवसर पर आप सभी के बीच भोपाल में उपस्थित रहूं, आप सभी से मिलूं और आपसे रूबरू होकर संवाद करूं। दुर्भाग्यवश परिस्थितिवश यह संभव नहीं हो सका। लेकिन मेरा आप सभी से वादा है कि बहुत जल्द आपके बीच उपस्थित रहूँगा, आप सभी से मुलाकात करूंगा और संगठन एवं हमारे साझा प्रयासों को लेकर आपसे विस्तार से संवाद करूंगा। आप सभी के स्नेह, सहयोग और विश्वास के लिए हृदय से आभार। जल्द ही मुलाकात होगी।

Updated on:
11 Aug 2026 06:42 pm
Published on:
11 Aug 2026 06:42 pm