
छिंदवाड़ा. नेशनल और स्टेट हाईवे पर वाहनों की रफ्तार निर्धारित है। तय गति से अधिक पर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करती है। वाहनों की रफ्तार को मापने के लिए पुलिस अब स्पीड रडार गन का सहारा ले रही है. जिला पुलिस के पास अभी तक एक स्पीड रडार गन थी जिसे हाईवे पर लगाना पड़ता था, लेकिन अब एक और सर्वसुविधायुक्त स्पीड रडार गन मिली है.
चौपहिया वाहन में लगी यह स्पीड रडार गन शनिवार को विधिवत पुलिस को दी गई। इस वाहन को जबलपुर रेंज के पुलिस आइजी उमेश जोगा ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। स्पीड रडार गन लगा हुआ यह वाहन पुलिस के लिए काफी मददगार साबित होने वाला है। पुलिस के लिए हाइवे पर पेट्रोलिंग करने के साथ ही ओवर स्पीडिंग रोकने में मदद करेगा। इसके अलावा वाहनों में लगी काली फिल्म की पारदर्शिता को भी आसानी से बता देगा।
इस चौपहिया वाहन में लगी स्पीड रडार गन की रेंज 100 मीटर से लेकर 1 किमी है यानि इतनी दूरी से आने वाले वाहनों की रफ्तार को माप सकेगा। चलते हुए आस-पास से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार को भी मिनटों में मापकर मीटर पर दिखा देगा जिससे पुलिस ओवर स्पीड से वाहन चलाने वाले के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर सकेगी। इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी। छिंदवाड़ा पुलिस इस वाहन से हाईवे पर पेट्रोलिंग भी कर सकेगी.
ओवर स्पीडिंग को रोकने के लिए चौपहिया वाहन के पिछले हिस्से में कैमरा और सेंसर लगा हुआ है जो वाहनों की रफ्तार को माप लेगा। वाहन में एक उपनिरीक्षक सहित कुल तीन पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जबलपुर रेंज के पुलिस आइजी उमेश जोगा ने पुलिस कंट्रोल रूम में विभागीय अधिकारियों की बैठक भी ली। आईजी ने कहा जिले में सिर्फ पुलिसिंग ही नजर आनी चाहिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार उइके सहित जिले सभी एसडीओपी और टीआइ मौजूद रहे।