गैंग से कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग में कुछ डकैतों को गोली लगने की आशंका भी पुलिस द्वारा जताई जा रही है
चित्रकूट. यूपी एमपी के सीमावर्ती इलाकों सहित पाठा के बीहड़ों में दहशत का डंका बजवा रहा साढ़े पांच लाख का इनामी खूंखार दस्यु बबुली कोल फिर एक बार खाकी को गोलियों की बौछार के बीच खुली चुनौती देते हुए बीहड़ में विलीन हो गया। गैंग से कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग में कुछ डकैतों को गोली लगने की आशंका भी पुलिस द्वारा जताई जा रही है हालांकि इस बात का कोई पुख्ता सबूत मुठभेड़ स्थल पर नहीं मिल पाया अलबत्ता गैंग के होने के प्रमाण जरूर मिले हैं। मुठभेड़ स्थल पर भारी मात्रा में खाद्य एवम् दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुई हैं। पुलिस की कई टीमें जंगलों बीहड़ों में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए डकैतों के लोकेशन को ट्रेस करने में लगी हैं। इन सबके बीच खास बात यह कि इस बार बबुली गैंग को एक नहीं बल्कि दो राज्यों की खाकी ने घेरा फिर भी गैंग पुलिस को टक्कर व् चकमा देते हुए बियावान जंगलों में ओझल हो गए।
खाकी सहित बीहड़ की आबो हवा के लिए नासूर बन चुके दस्यु बबुली कोल को फिर एक बार उसकी किस्मत ने उसके अंजाम तक पहुंचने से उसे बचा लिया। जी हां यदि पुलिस की माने तो बबुली गोलियों का निशाना बनते बनते रह गया। इस बीच काफी मात्रा में खाद्य सामग्रियों तथा अन्य दैनिक उपयोग की चीजों के बरामद होने से यह स्पष्ट हो गया है कि गैंग यूपी के बीहड़ों में डेरा डाले हुए है और "पत्रिका" ने पहले ही सूत्रों के हवाले से इस खबर का उल्लेख किया था कि बबुली यूपी के बीहड़ों में पनाह लिए हुए है।
बेधक जंगल में हुई मुठभेड़
दस्यु बबुली व् एमपी तथा यूपी पुलिस की संयुक्त टीम के बीच मारकुंडी थाना क्षेत्र के घनघोर बेधक जंगल में मुठभेड़ हुई। चित्रकूट एसपी प्रताप गोपेंद्र और सतना(मध्य प्रदेश) एसपी राजेश हिंगड़कर की सयुंक्त अगुवाई में खाकी की कई टीमों ने गैंग के बेधक जंगल में होने की सूचना पर घेरेबंदी की। उधर अपने भी मुखबिरों की सूचना पर दस्यु बबुली गैंग के साथ ठिकाना बदलने की फ़िराक में लग गया। इसी दौरान जंगल में पहुंची पुलिस की आहट पाते ही गैंग ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्यवाही करते हुए दोनों राज्यों की खाकी ने भी पोजीशन लेते हुए गोलियों की बौछार गैंग को निशाना बनाते हुए शुरू की।
बीहड़ में विलीन हुआ गैंग
दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच दस्यु सरगना बबुली अपनी गैंग के साथ बीहड़ में ओझल हो गया। मुठभेड़ स्थल पर सर्चिंग के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में खाद्य सामग्रियां बरामद हुईं। गैंग द्वारा सीमावर्ती इलाकों में पनाह लेने की आशंका के मद्देनजर खाकी की कई टीमें सयुंक्त रूप से सर्च ऑपरेशन में लगी हैं। मुठभेड़ स्थल से घी तेल आटा सहित गुटखा बीड़ी सिगरेट भी बरामद हुए। भोजन बनाने के लिए तैयार किए जा रहे चूल्हे भी इस बात की तस्दीक कर गए कि बबुली बेधक जंगल में मौजूद था।
खाकी को अंदेशा: घायल हो सकते हैं डकैत
खाकी को मुंहतोड़ जवाब देते हुए बीहड़ में विलीन हुए गैंग के कुछ डकैतों के घायल होने का अंदेशा खाकी को है। चित्रकूट एसपी प्रताप गोपेंद्र का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान कुछ डकैतों को गोली लगने की संभावना है और गैंग की लोकेशन ट्रेस करने के लिए कई टीमें सर्च ऑपरेशन में हैं। फ़िलहाल भारी मात्रा में खाद्य सामग्रियां बरामद हुई हैं।
दो राज्यों की खाकी का सयुंक्त अभियान
कुख्यात बबुली को घेरने के लिए इस बीच दो राज्यों की खाकी एक्टिव मोड में है। खासकर एमपी पुलिस ने तो स्पेशल फ़ोर्स तक के जवानों को तराई से लेकर बीहड़ में उतार दिया है। सीमावर्ती इलाकों में एमपी पुलिस की तगड़ी चहलकदमी से बबुली यूपी के बियावान जंगलों में पनाह लेकर पुलिस के हर मूवमेंट की खबर अपने मुखबिरों के माध्यम से लगातार ले रहा है। फ़िलहाल दोनों राज्यों की खाकी के संयुक्त अभियान से गैंग बौखलाया हुआ है इतना तय है।