चित्रकूट

इस बीजेपी सांसद ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को लिखा पत्र, कर दी बड़ी मांग

घपले और घोटाले की हकीकत बयां करता सिस्टम...
2 min read
BJP MP Bhairav Prasad Mishra letter to keshav prasad maurya
गड्ढों में सड़क या सड़क में गड्ढे, सांसद ने डिप्टी सीएम को लिखा पत्र

चित्रकूट. सिस्टम की पोल खोलती बारिश ने लाखों करोङों की लागत से बनी सड़कों का मेकअप उतारते हुए उनकी असली सूरत दिखा दी है। अंदाजा लगाना मुश्किल है कि गड्ढों में सड़क है या सड़क में गड्ढे हैं। मिर्जापुर झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत तो अत्यंत दयनीय हो चली है। भारी भरकम दैत्याकार ट्रक कुपोषण का शिकार हो चुकी सड़क के ऊपर से निर्दयता दिखाते हुए गुजरते हैं और परिणाम कहीं न कहीं उन्हें इसकी करनी भुगतनी पड़ती है और पहियों की हिम्मत जवाब दे जाती है। ट्रक बीच सड़क पर फंस जाते हैं और लग जाता है लम्बा जाम। हालांकि खस्ता हाल सड़कों और इनमें जलभराव को लेकर विपक्षियों का विरोध प्रदर्शन हो रहा है पर वो भी दाल में नमक के बराबर साबित हो रहा है और सड़कें कब बनेंगी दुरुस्त होंगी यह यक्ष प्रश्न बन चुका है।

जगह-जगह जानलेवा गड्ढे

बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे का प्रस्ताव पास कर चुकी यूपी सरकार की विकासपरक भावनाओं को कुरेदती श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट की सड़कें अपने दिन बहुरने का इंतजार कर रही हैं। घपले और घोटाले की हकीकत बयां करते सड़कों के गड्ढे सिस्टम को कटघरे में खड़ा करते हुए यह सवाल जरूर पूछते हैं कि लाखों करोङों की लागत से बनने वाली सड़कों की ये दशा थोड़ी बहुत बारिश में इतनी जल्दी खराब कैसे हो जाती है। मिर्जापुर झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तो हालात सबसे ज्यादा बदतर हैं। इस मार्ग पर कब कौन सा वाहन हिचकोले खाते हुए धराशायी हो जाए या उसके पहिए दलदल सरीखे कीचड़ में फंस जाएं यह कहा नहीं जा सकता।

हादसों का हरदम अंदेशा

मार्ग पर जानलेवा हादसे हमेशा अप्वाइंटमेंट को तैयार रहते है आवागमन करने वालों के साथ। जानलेवा गड्ढे कब उनको निमन्त्रण दे दें इस डर से किसी तरह वाहन चालक सड़क की इस भव बाधा को पार करते हैं। दो पहिया वाहन वालों को तो खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है क्योंकि बीच सड़क पर थोडा भी असावधानी हुई नहीं कि कोई न कोई दुर्घटना तय है।

क्या कहते हैं सरकार के नुमाइंदे

सड़कों की इस दयनीय दशा पर जब सम्बंधित विधानसभा (चित्रकूट सदर) के भाजपा विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से इस बारे में कहा गया है और उन्होंने भरोसा दिया है कि दो तीन दिन के अंदर गड्ढों को भर दिया जाएगा। इसके साथ ही नई सड़क के निर्माण के लिए धनराशि भी स्वीकृत हो गई है बारिश के मौसम के बाद उस पर कार्य शुरू होगा। पीडब्ल्यूडी सड़क निर्माण का कार्य कराएगा। उधर चित्रकूट बांदा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पत्र लिखकर सड़कों की खस्ता हाल हालत के बारे में अवगत कराते हुए उन्हें जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। सांसद ने दयनीय सड़कों का हवाला देते हुए डिप्टी सीएम से इस ओर ध्यान देने की बात कही है।

Published on:
03 Aug 2018 01:37 pm