चित्रकूट

Chitrakoot News: निमंत्रण में जा रहे पिता-पुत्र को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर मौत

Chitrakoot road accident:चित्रकूट के नादिन कुर्मियांन नहर पुलिया पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र छेदीलाल व सदाशिव को टक्कर मार दी। हेलमेट नहीं पहने थे, अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर CCTV फुटेज से वाहन की तलाश शुरू की ही।

2 min read
सांकेतिक फोटो

चित्रकूट जिले के राजापुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसा नादिन कुर्मियांन स्थित नहर पुलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बेकाबू चारपहिया वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें

कानपुर में बड़ा ट्रैफिक बदलाव: 2 दिन रहेगा रूट डायवर्ट, घर से निकलने से पहले जान लें नया रास्ता

निमंत्रण में जा रहे थे पिता-पुत्र

मिली जानकारी के अनुसार, बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के अमलोखर गांव निवासी छेदीलाल (56) अपने पुत्र सदाशिव (27) के साथ सोमवार शाम करीब 4:30 बजे बाइक से बॉडी पोखरी गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही दोनों नादिन कुर्मियांन नहर पुलिया के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे अज्ञात तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

सड़क पर तड़पते रहे घायल, हेलमेट नहीं था

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर तक पिता-पुत्र सड़क पर ही तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार दोनों लोगों ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने राजापुर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजापुर भिजवाया। वहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने जांच के बाद छेदीलाल और सदाशिव को मृत घोषित कर दिया।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वाहन की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय कर्वी भेज दिया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से अमलोखर गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।

Also Read
View All