चित्रकूट

कर्जमाफी का ग्लूकोज चढ़ने के इंतजार में, लाखों अन्नदाता कतार में

बुंदेलखंड में अभी भी लाखों किसान ऐसे हैं जो कर्जमाफी की पात्रता के दायरे में आते हैं, इन्हें सरकारी ऋणमाफी के सौगात की आवश्यकता है
3 min read
• •
Updated: 4 Oct 2017, 6:26 PM IST
up kisan karz mafi overall list

चित्रकूट. उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा प्रदेश के लघु व सीमांत किसानों को कर्ज के बोझ से हल्का करने की कवायद जारी है। अब तक प्रदेश के कई जिलों व मण्डलों में अन्नदाताओं को कर्जमाफी का प्रमाणपत्र वितरित कर दिया गया है। ऋणमाफी की सबसे अधिक दरकार वाले बुन्देलखण्ड क्षेत्र में भी किसानों को ये मीठी घुट्टी पिलाई गई है, जिससे उन्हें कर्ज के मर्ज से थोड़ा आराम मिल गया है। लेकिन अभी भी लाखों किसान ऐसे हैं जो कर्जमाफी की पात्रता के दायरे में आते हैं। वो भी कर्जमाफी का स्वाद चखने के लिए कतार में लगे हैं।

एक आंकड़े के मुताबिक, बुन्देलखण्ड के चित्रकूटधाम मंडल के लगभग एक लाख लघु और सीमांत किसान अभी ऋणमोचन योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए टकटकी लगाए बैठे हैं। इन्हें प्रथम चरण में कर्जमाफी की दवा नहीं मिल पाई। मण्डल में अब तक 37 हजार 303 अन्नदाताओं को प्रथम चरण के तहत कर्जमाफी की डगमगाती कश्ती से उतारा गया है। उन्हें ऋणमोचन योजना के तहत एक लाख तक के फसली ऋण से उबार लिया गया है। अब किसानों को शासन के अगले चरण का इन्तजार है, जब उन्हें भी कर्ज से मुक्ति मिलेगी। वैसे भी किसानों की उपज को देखते हुए कर्जमाफी की पात्रता तय करने की मांग बुन्देलखण्ड में किसान संगठनों व जनप्रतिनिधियों द्वारा मांग लगातार की जा रही है।

लाखों किसानों को अभी भी इंतजार
बुन्देलखण्ड के चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों (चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा) में लगभग 88 हजार 535 लघु व सीमांत किसानों को कर्जमाफी के दायरे में लाया गया है। पहले चरण के तहत कुल 37 हजार 303 लघु व सीमांत किसानों का कर्ज माफ किया जा चुका है। प्रथम चरण के तहत चित्रकूट के 5,587 किसानों का, बांदा के 8,994, महोबा के 10,104 तथा हमीरपुर के 12 हजार 618 किसानों का लगभग 2 अरब 33 करोड़ 98 लाख 78 हजार 766 रुपया कर्जमाफ़ी के तहत माफ़ किया गया। इसके इतर ऋणमाफी की शर्तों को पूरा करने वाले किसानों की संख्या कई गुना ज्यादा है। लगभग डेढ़ से पौने दो लाख किसान अभी भी कर्जमाफी की दरकार रखते हैं।

कर्जमाफी की बाट जोह रहे ये किसान
कर्जमाफी की मिठाई खाने की बाट जोह रहे लघु व सीमांत किसानों में सबसे ज्यादा बांदा जनपद के 72 हजार 558 किसान हैं। इन पर लगभग एक अरब 21 करोड़ 60 लाख 56 हजार 35 रुपया कर्ज का बोझ बरकरार है। चित्रकूट जनपद दूसरे स्थान पर है, जहां 35 हजार 457 किसानों को कर्जमाफी की दरकार है। इन किसानों पर 46 करोड़ 28 लाख 31 हजार रूपये का कर्ज बाकी है। इसी तरह हमीरपुर में अभी 34 हजार 118 किसानों को ऋणमाफी का इन्तजार है। इन पर लगभग 57 करोड़ 35 लाख 40 हजार रुपये का कर्ज है, जबकि महोबा के 32 हजार 731 अन्नदाताओं को कर्जमाफी की अभी आस है।

दूसरे चरण में 35 हजारों किसानों को मिलेगा लाभ
चित्रकूट के जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण के तहत 5 हजार 587 किसानों को कर्जमाफी का लाभ दिया गया और 35.67 करोड़ की धनराशि किसानों के खाते में भेजी गई। डीएम के मुताबिक, जनपद के कुल 49 हजार 127 लघु व सीमांत किसानों की जांच के बाद पहले चरण में 5 हजार 587 किसानों को ऋणमाफी योजना का लाभ प्रदान किया गया। उन्हें ऋणमोचन प्रमाण पत्र वितरित किया गया। द्वितीय चरण में 8 हजार 67 किसानों को लाभ दिया जाना है। इस प्रकार कुल 13 हजार 654 किसानों को ऋणमाफी का लाभ दिया जाएगा। जिलाधिकारी के मुताबिक, जनपद के 35 हजार 457 किसानों की पात्रता की जांच के बाद अगले चरण में उन्हें ऋणमोचन का लाभ प्रदान किया जाएगा।

कर्जमाफी दवा से किसानों को मिली आराम
प्रथम चरण के तहत ऋणमोचन योजना का लाभ पाए किसान अनूप कुमार बच्ची देवी रामस्वरूप मनीष कुमार आदि ने एक स्वर में कहा कि सरकार ने कुछ तो आराम दिया ही है, नहीं तो कर्ज का दर्द क्या होता है ये किसानों से बेहतर कोई नहीं जानता। कम से कम बोझ से से कुछ तो हल्के हुए हैं।

Published on: