चित्रकूट

मौसम की नामिजाजी : तेज आंधी व बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, विद्युत व्यवस्था चरमराई

कुदरत के बिगड़े मिजाज से आई तेज आंधी व बारिश ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया तो वहीं पूरे जनपद की विद्युत् व्यवस्था चरमरा गई है।
2 min read
• •
Updated: 1 May 2018, 7:54 AM IST
chitrakoot

चित्रकूट. कुदरत के बिगड़े मिजाज से आई तेज आंधी व बारिश ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया तो वहीं पूरे जनपद की विद्युत् व्यवस्था चरमरा गई है। देर रात तक विभाग के जिम्मेदार विद्युत व्यवस्था बहाल करने के प्रयास में लगे रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में तो मौसम ने जमकर कहर बरपाया। मऊ व् मानिकपुर में तो तेज तूफान के साथ बारिश ने भी अपना जलवा दिखाया और पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। फसलों को भी नुकसान हुआ है हालांकि काफी हद तक गेंहूं की कटाई मड़ाई हो चुकी है लेकिन जिन किसानों की फसलें खेत खलिहानों में रखी हुई हैं उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। आंधी की रफ़्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई इलाकों में झुग्गी झोपड़ी टिन शेड आदि उड़ गए तो सड़कों पर पेड़ भी गिरे पड़े दिखाई दिए। मौसम के बिगड़े मिजाज ने जनपद में जमकर कहर बरपाया। तेज तूफान के साथ बारिश की जुगलबन्दी ने आम जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया हालांकि मौसम की इस नामिजाजी से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है।

चरमराई विद्युत व्यवस्था

देर शाम व फिर एक बार देर रात आई तेज आंधी ने पूरे जनपद की बिजली व्यवस्था को चौपट कर दिया। मुख्यालय में ही देर रात तक विद्युत व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी रहे। तूफान से प्रभावित मऊ मानिकपुर थाना क्षेत्र में तो हाल फ़िलहाल सुबह के बाद ही विद्युत् व्यवस्था चालू होने के आसार दिख रहे हैं। इन इलाकों में बारिश ने आग में घी का काम किया है।

तूफान में गिरे पेड़ व बिजली के पोल

तेज तूफान में ग्रामीण इलाकों में कई आशियानों के छप्पर व् टिन शेड उड़ गए हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। उधर सड़कों पर पेड़ भी गिरे पड़े दिखाई दिए जिन्हें काफी मशक्कत के बाद हटाया गया। ग्रामीण इलाकों में बिजली के पोल गिरने से विद्युत व्यवस्था बहाल होने में समय लगने की सम्भावना है।

Published on: