चित्तौड़गढ़

Rajasthan Accident: चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, मां की मौत, पिता-पुत्री गंभीर

Chittorgarh-Udaipur National Highway Accident: चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर नरधारी गांव के पास तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई, जिससे एक महिला की मौके पर मौत हो गई।
2 min read
Chittorgarh-Udaipur National Highway, Chittorgarh-Udaipur National Highway Accident, Chittorgarh-Udaipur National Highway Road Accident, Car Truck Accident, Car Truck Accident in Chittorgarh, Car Truck Accident in Udaipur, Car Truck Accident in Rajasthan, Rajasthan Accident News, Chittorgarh Accident News, Udaipur Accident News
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो- पत्रिका

भदेसर। चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। नरधारी गांव के पास तेज रफ्तार कार और ट्रक की टक्कर में हरियाणा निवासी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

यह वीडियो भी देखें

परिवार संग जा रहे थे घूमने

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी पदम गुप्ता अपने परिवार और दोस्त सुमित डांगी के परिवार के साथ कार से उदयपुर और माउंट आबू घूमने जा रहे थे। यात्रा के दौरान नरधारी गांव के पास कार चालक पदम गुप्ता ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक में जा घुसी।

कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन बुरी तरह पिचक गया। हादसे में पदम गुप्ता की पत्नी सोनिया (33) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पदम (35), सुमित (35) और 12 वर्षीय अंशिका गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पदम और उनकी बेटी अंशिका की हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया।

इस हादसे में गनीमत यह रही कि कार में सवार अन्य चार बच्चे और सुमित की पत्नी सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही भादसोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। वहीं हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन के जरिए गाड़ी को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया।

पुलिस ने मृतका के शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरटेक करते समय नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Updated on:
05 Apr 2026 07:21 pm
Published on:
05 Apr 2026 07:21 pm