चित्तौड़गढ़

Chittorgarh News: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवती का शव, हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी

Chittorgarh Crime News: पुलिस और स्कूल प्रशासन प्रथम दृष्टया सुसाइड मान रहे हैं, पर एफएसएल व पीएम रिपोर्ट से ही स्थिति साफ होगी
less than 1 minute read
• •
Updated: 3 Dec 2024, 11:45 AM IST
Feature image

चित्तौड़गढ़।शहर के सेंट पॉल स्कूल के स्टाफ क्वार्टर की सीढ़ियों पर वहां काम करने वाली युवती का शव पड़ा हुआ मिला। उसके गले पर नायलोन की रस्सी बंधी हुई थी। यह हत्या है या आत्महत्या। इस बारे में पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार उदयपुर जिले में झाड़ोल निवासी रीना (22) पुत्री मोतीलाल पारगी पिछले करीब दो साल से सेंट पॉल स्कूल में स्टाफ के लिए खाना बनाने का काम करती थी। सोमवार को उसका शव स्टाफ क्वार्टर की सीढ़ियों पर लेटी हुई हालत में मिला।

उसके गले पर नायलोन की रस्सी बंधी हुई थी। इससे मामला संदेहास्पद हो गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। स्कूल के मैनेजर बाबू सीरिया ने पुलिस को बताया कि सुबह 11 बजे सिस्टर सुगन्या से जानकारी मिली कि खाना बनाने वाली रीना का शव पड़ा हुआ है।

पुलिस को बताया गया कि सुबह आठ बजे रीना ने सबके लिए नाश्ता बनाया था। साढ़े दस बजे चाय बनाने के लिए उसे फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। आशंका होने पर स्कूल स्टाफ ने मौके पर जाकर देखा तो रीना का शव सीढ़ियों पर पड़ा हुआ था। हालांकि स्कूल का स्टाफ व पुलिस इसे प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या का मामला बता रहे हैं। पर गले पर रस्सी बंधी होने व शव सीढ़ियों पर लेटी हुई अवस्था में मिलने के कारण आशंकाएं जताई जा रही है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दी है। उनके यहां आने पर ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Updated on:
3 Dec 2024, 11:45 AM IST
Published on: