चित्तौड़गढ़

चित्तौड़गढ़ जेल में शराब, शबाब और ₹23 लाख की संदिग्ध लेनदेन, खुलासे के बाद भी अफसरों पर क्यों मेहरबान है सिस्टम?

चित्तौड़गढ़ जिला जेल में पार्टी, नशा और ऐशो-आराम के वायरल वीडियो के खुलासे के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई। 23 लाख रुपए के संदिग्ध यूपीआई लेनदेन की जांच भी कागजों में सिमट गई। अब डीआईजी जेल मामले की जांच के लिए चित्तौड़गढ़ पहुंचेंगे।
2 min read
Chittorgarh Jail News
चित्तौड़गढ़ जिला जेल (पत्रिका फोटो)

Chittorgarh Jail News: चित्तौड़गढ़: सुरक्षा के तमाम दावों और सख्त पहरे के बावजूद चित्तौड़गढ़ जिला जेल में डांस पार्टी, नशाखोरी और धड़ल्ले से चल रहा मोबाइल का इस्तेमाल जेल प्रबंधन को कटघरे में खड़ा कर रहा है। पुलिस में बाकायदा मामला दर्ज होने और डीजी जेल तक जांच रिपोर्ट पहुंचने के बाद भी अब तक न तो किसी जिम्मेदार जेल प्रहरी पर कार्रवाई हुई है और न ही जेल अधीक्षक की जवाबदेही तय की गई है।

हत्या के दोषियों की बैरक में हुई पार्टी, धूम्रपान और धड़ल्ले से चले मोबाइल के वायरल वीडियो ने आमजन को चौंका दिया है। लेकिन नींद नहीं टूटी तो सिर्फ जेल प्रबंधन की। प्रतिबंध के बावजूद जेल की चारदीवारी के भीतर यह सब सामान पहुंचना सीधे तौर पर प्रहरियों की मिलीभगत और लापरवाही की ओर इशारा करता है, जिसकी कमान जेल अधीक्षक नरेंद्र स्वामी के हाथों में है। कई तरह के सवालों का जवाब अब विभागीय जांच में मिलेगा, जो मंगलवार को जोधपुर डीआईजी के नेतृत्व में शुरू होने वाली है।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

हाल ही में जिला जेल की बैरक के भीतर बंदियों के नाच-गाने, मोबाइल इस्तेमाल और नशे के वीडियो वायरल हुए थे। महकमे में हड़कंप मचने पर हुई जांच में जेल से 2 मोबाइल बरामद किए गए। इसके बाद जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में 8 नामजद बंदियों के खिलाफ राजस्थान कारागार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

23 लाख का रहस्यमयी लेन-देन, फिर भी 'क्लीन चिट'

जेल में भ्रष्टाचार की जड़ें बेहद गहरी हैं। जनवरी 2022 से जनवरी 2023 के दौरान बंदियों के परिजनों के खातों से करीब 23 लाख रुपए का यूपीआई व नकद लेन-देन हुआ। जांच तो बिठाई गई, लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि रिपोर्ट में यह सामने ही नहीं लाया गया कि इतनी बड़ी रकम किसके खातों में ट्रांसफर हुई। उल्टे जेल प्रशासन को क्लीन चिट दे दी गई, जो विभागीय पारदर्शता पर सवाल खड़े करती है।

आज चित्तौड़ पहुंचेंगे डीआईजी शर्मा

मामले के तूल पकड़ने पर एसपी चित्तौड़गढ़ ने अपनी रिपोर्ट डीजी जेल को भेज दी है। मामले की विभागीय जांच के लिए मंगलवार को डीआईजी जेल (जोधपुर) राकेश मोहन शर्मा चित्तौड़गढ़ आएंगे।

इनका क्या कहना है

प्रकरण दर्ज होने के बाद हमने अपनी प्राथमिक रिपोर्ट डीजी जेल को सौंप दी है। दोषियों से पूछताछ होना शेष है, जो जल्द की जाएगी।
-धर्मेंद्र सिंह, एसपी, चित्तौड़गढ़

उदयपुर डीआईजी का पद रिक्त होने के कारण जोधपुर डीआईजी से मामले की जांच कराई जा रही है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई तय होगी।
-अशोक राठौर, डीजी जेल, जयपुर

Updated on:
28 Jul 2026 12:29 pm
Published on:
28 Jul 2026 12:29 pm
Also Read
View All