
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के बाद उप प्रधान चुनाव में भी रोचक मुकाबला रहा। उप प्रधान चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी शंकरी बाई ने कांग्रेस की ज्योति देवी को एक वोट से हराकर जीत दर्ज की। शंकरी बाई को कुल 29 में से 15 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति देवी को 14 वोट मिले। शंकरी बाई ने उप चुनाव चुनाव एक वोट से जीता।
खास बात यह है कि शंकरीबाई ने पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हनुमान बेनीवाल की पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ( RLP ) के टिकट पर जीता था। हालांकि, उप प्रधान पद के चुनाव में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उनका समर्थन किया।
भाजपा के समर्थन से शंकरी बाई को 15 सदस्यों का साथ मिला और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को हराया। इससे पहले चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में शंकरी बाई किंगमेकर रही। कुल 29 सदस्यों वाली पंचायत समिति में भाजपा और कांग्रेस के 14-14 सदस्य थे। ऐसे में आरएलपी की सदस्य शंकरी बाई का एक वोट निर्णायक बन गया था। उनके समर्थन से भाजपा के भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी प्रधान निर्वाचित हुए थे।
प्रधान चुनाव के दौरान कांग्रेस के सभी 14 सदस्य पार्टी के साथ रहे। भाजपा की ओर से कांग्रेस सदस्यों में सेंध लगाने की चर्चाएं भी थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अंत में शंकरीबाई के समर्थन से भाजपा को प्रधान पद पर जीत मिली। उप प्रधान चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद शंकरी बाई का उनके समर्थकों ने पंचायत समिति परिसर में गर्मजोशी से स्वागत किया और बधाई दी।
उप प्रधान शंकरी बाई ने जीत के बाद कहा कि वह क्षेत्र में बेहतर विकास कार्य करवाएंगी और जनता की सेवा करेंगी। चित्तौड़गढ़ जिले की 11 पंचायत समितियों में से 6 में कांग्रेस के उप प्रधान बने। वहीं, भाजपा के 3 और निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में 2 उप प्रधान पद आए। कपासन पंचायत समिति में कांग्रेस के उम्मीदवार भैरू लाल गाडरी निर्विरोध उप प्रधान बने।
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति से निर्दलीय शंकरी बाई, बड़ीसादड़ी से कांग्रेस की कमलेश चौधरी, बेगूं से कांग्रेस के सागर मल, भदेसर से भाजपा की रचना देवी, भूपालसागर से कांग्रेस के प्रदीप कुमार चौधरी, डूंगला से कांग्रेस की मंजू, राशमी से भाजपा की भंवर कंवर, निम्बाहेड़ा से कांग्रेस की सुधा बाई जैन, कपासन से कांग्रेस के भैरू लाल, गंगरार से भाजपा के रतन लाल और भैंसरोड़गढ़ से निर्दलीय दीपिका कंवर उप प्रधान बनीं।
| पंचायत समिति | उप प्रधान का नाम | पार्टी |
|---|---|---|
| बड़ी सादड़ी | कमलेश चौधरी | कांग्रेस |
| बेगूं | सागर मल | कांग्रेस |
| भदेसर | रचना देवी | भाजपा |
| भूपालसागर | प्रदीप कुमार चौधरी | कांग्रेस |
| भैंसरोड़गढ़ | दीपिका कंवर | निर्दलीय |
| चित्तौड़गढ़ | शंकरी बाई | निर्दलीय |
| डूंगला | मंजू | कांग्रेस |
| गंगरार | रतन लाल | भाजपा |
| कपासन | भैरू लाल | कांग्रेस |
| निम्बाहेड़ा | सुधा बाई जैन | कांग्रेस |
| राशमी | भंवर कंवर | भाजपा |
चित्तौड़गढ़ उप प्रधान चुनाव (उपलब्ध परिणाम)