
चित्तौडगढ़। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं और गुजरात की ओर यात्रा करने वाले मुसाफिरों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के चित्तौडगढ़ आगार को दिसम्बर माह में 13 नई अनुबंधित बसें मिलेंगी। इन नई बसों के आने से निगम प्रशासन की ओर से चित्तौडगढ़ से उज्जैन सहित कई नए अंतरराज्यीय व प्रमुख मार्गों पर सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
रोडवेज प्रशासन के बेड़े में लगातार इजाफा होने से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल रही है और आगार की आय में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आगामी वर्ष उज्जैन में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए रोडवेज प्रशासन ने चित्तौड़गढ़ से उज्जैन के बीच सीधी बस चलाने की कार्ययोजना बनाई है। इसके लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी गई है। उज्जैन मार्ग पर यात्री भार अधिक रहने से निगम को अच्छे राजस्व की उम्मीद है।
नई मिलने वाली 13 अनुबंधित बसों के लिए आगार स्तर पर रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है। इसमें चित्तौडगढ़ से गुजरात के डीसा तक, चित्तौड़गढ़ से मावली होते हुए अहमदाबाद तक और पाली और आमेट मार्ग पर बस चलाने की योजना बनाई गई है।
वर्तमान में चित्तौडगढ़ आगार के बेड़े में निगम की स्वयं की 59 बसें और 16 अनुबंधित बसें संचालित हैं, जिनके जरिए प्रतिदिन 68 शेड्यूल पूरे किए जा रहे हैं। दिसम्बर में 13 नई अनुबंधित बसें जुड़ने के बाद आगार में अनुबंधित बसों की संख्या बढ़कर 39 हो जाएगी। अनुबंधित बसों के रख-रखाव और चालक की जिम्मेदारी संबंधित संवेदक (ठेकेदार) की होती है, जबकि परिचालक रोडवेज प्रशासन की ओर से नियुक्त किया जाता है। आगार की 5 बसें वर्तमान में ऑफ-रूट हैं, जिनमें से एक दुर्घटनाग्रस्त है, एक को कंडम घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है तथा तीन अन्य तकनीकी कारणों से खड़ी हैं।
'रोडवेज प्रशासन को अगले माह 13 नई अनुबंधित बसें मिलने वाली हैं। इन्हें नए मार्गों पर संचालित करने के लिए रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए चित्तौड़गढ़ से उज्जैन के बीच सीधी बस चलाने की अनुमति मांगी गई है। इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।' -राकेश सारस्वत, चीफ मैनेजर, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम आगार, चित्तौडगढ़