
चित्तौड़गढ़। जिला परिषद चुनाव में 35 में से 28 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल करने वाली कांग्रेस के सामने भाजपा ने भी जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी उतार दिया है। कांग्रेस की ओर से रतनी देवी जाट ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि भाजपा ने वार्ड 14 से निर्वाचित तुलसी बाई को मैदान में उतारा है। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन के साथ ही जिला प्रमुख का चुनाव दिलचस्प हो गया है। हालांकि संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस का पलड़ा भारी है और उसका जिला प्रमुख बनना लगभग तय माना जा रहा है।
चित्तौड़गढ़ जिला परिषद में 21 साल बाद कांग्रेस का बोर्ड बनने की संभावना है। 20 नवंबर को घोषित चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने कुल 35 में से 28 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को महज 7 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इस तरह कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। पिछली बार जिला प्रमुख का पद भाजपा के पास था। अब चुनाव परिणाम के बाद जिला परिषद की सत्ता में बदलाव की तस्वीर साफ होती नजर आ रही है।
जिला प्रमुख चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने सभी निर्वाचित सदस्यों को बाड़ेबंदी में रखा था। क्रॉस वोटिंग और संभावित राजनीतिक सेंधमारी की आशंका के बीच पार्टी ने अपने सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर रखा। बुधवार को चुनाव प्रक्रिया के दिन कांग्रेस के सभी 28 सदस्य जिला मुख्यालय पहुंचे और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने उन्हें शपथ दिलाई।
कांग्रेस के 22 जिला परिषद सदस्य बस में सवार होकर निंबाहेड़ा से चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। ये सभी पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के गुट के बताए जा रहे हैं। वहीं कांग्रेस के छह अन्य सदस्य पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के साथ पहुंचे। निर्वाचन अधिकारी ने सदस्यों को प्रमाण पत्र भी सौंपे।
कांग्रेस ने वार्ड संख्या 10 से निर्वाचित रतनी देवी जाट को जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। वहीं भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 14 से निर्वाचित तुलसी बाई ने पर्चा भरा है। जिला प्रमुख का पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में एक बार फिर चित्तौड़गढ़ जिला परिषद की कमान महिला के हाथों में जाने वाली है। वर्ष 2020 के बाद यह दूसरा मौका होगा, जब महिला जिला प्रमुख बनेगी।
जिला प्रमुख चुनाव के लिए बुधवार को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान निर्धारित किया गया है। मतदान के बाद मतगणना होगी और इसके साथ ही अगले पांच साल के लिए चित्तौड़गढ़ के नए जिला प्रमुख के नाम का ऐलान हो जाएगा। कांग्रेस के पास 28 सदस्यों का समर्थन है, जबकि भाजपा के पास सात सदस्य हैं। ऐसे में मुकाबले में भाजपा की चुनौती के बावजूद कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।