
चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध चुलिया जलप्रपात पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कोटा से दोस्तों के साथ घूमने आए 16 वर्षीय छात्र की गहरे पानी में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र झरने के ऊपर चट्टानों पर खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कोटा के संजय नगर निवासी 16 वर्षीय ध्रुव बैरागी (वैष्णव) पुत्र नंदकिशोर के रूप में हुई है। वह 11वीं कक्षा का छात्र था। रविवार सुबह वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से रावतभाटा क्षेत्र घूमने निकला था। पहले सभी पाड़ाझर झरने पहुंचे, लेकिन वहां प्रवेश बंद होने के कारण वे चुलिया जलप्रपात पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ध्रुव अपने दोस्तों के साथ झरने के ऊपर चट्टानों पर खड़े होकर सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा। हादसे के बाद उसके साथी घबरा गए। कुछ देर तक खुद तलाश करने के बाद उन्होंने परिजनों और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार विवेक गरासिया, पुलिस उपाधीक्षक शंकरलाल मीणा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
सिविल डिफेंस की टीम ने स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ध्रुव का शव गहरी खाई में चट्टानों के बीच से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को उपजिला अस्पताल लाया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार ध्रुव सुबह करीब पांच बजे ही घूमने जाने की तैयारी में उठ गया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उसकी आखिरी साबित होगी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ध्रुव के पिता नंदकिशोर स्थानीय स्तर पर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े बताए जाते हैं। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
चुलिया जलप्रपात और आसपास के झरनों पर पहले भी सेल्फी और लापरवाही के दौरान कई हादसे हो चुके हैं। बावजूद इसके लोग सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर जोखिम उठाते हैं। स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि प्रतिबंधित और फिसलन वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सेल्फी लेने के दौरान विशेष सावधानी बरतें।