2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ajmer: ‘जिस दिन हुआ जन्म.. उसी दिन हो गई मौत’, बर्थ-डे सेलिब्रेशन मातम में बदला, दोस्त छोड़कर भागे

जन्मदिन मनाने दोस्तों के साथ पुष्कर सरोवर पहुंचे 23 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक को डूबता देख नशे में धुत्त उसके दोनों साथी मौके से भाग निकले। जन्मदिन के ही दिन बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

Aug 02, 2026

Pushkar Death

Pushkar Death: हादसे के बाद की तस्वीर व इनसाइड में मृतक युवक (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दोस्तों के साथ बर्थ-डे मनाने पुष्कर सरोवर पहुंचे 23 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना रविवार शाम पुष्कर सरोवर के जयपुर घाट पर हुई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दो दोस्तों के साथ सरोवर में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हैरानी की बात यह रही कि उसके साथ मौजूद दोनों साथी उसे बचाने की बजाय मौके से भाग निकले। बाद में पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अजमेर के मीरशाह अली कॉलोनी के पास इंद्रा कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय संजय बागड़ी के रूप में हुई है। रविवार को ही उसका जन्मदिन था। परिजनों के मुताबिक संजय घर पर मौजूद था, तभी उसके दो दोस्त उसे जन्मदिन मनाने के बहाने अपने साथ ले गए। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पुष्कर पहुंचे, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।

नशे की हालत में सरोवर में उतरे थे तीनों

थानाधिकारी अशोक बिस्सु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे और जयपुर घाट पर मौज-मस्ती के दौरान सरोवर में स्नान करने उतर गए। इसी दौरान संजय गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके दोनों साथी घबरा गए और उसे बचाने की बजाय वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक का शव सरोवर से बाहर निकाला।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना की सूचना मिलते ही संजय के पिता मुकेश वाल्मीकि और अन्य परिजन पुष्कर चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त की। बेटे की जन्मदिन पर हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने फरार हुए दोनों साथियों को तलाश कर पकड़ लिया और शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय तीनों ने शराब या अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं।