2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Tonk Crime: किराये के कमरे में महिला की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका, 5 साल का बेटा मिला अकेला

टोंक जिले के देवली में किराये के कमरे में रह रही 35 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। कमरे में उसका पांच वर्षीय बेटा अकेला मिला। पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification

टोंक

image

Kamal Mishra

Aug 02, 2026

Tonk Crime

Tonk Crime: घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस (फोटो-पत्रिका)

टोंक। जिले के देवली कस्बे में किराये के मकान में रह रही 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ कमरे में रह रही थी। शनिवार रात उसका शव कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला, जबकि मासूम बेटा कमरे में अकेला मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मानते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक हेमराज मूंड ने बताया कि भीलवाड़ा निवासी मौसीना (35), पत्नी स्वर्गीय सलीम, पिछले करीब 40 दिनों से देवली के घोषी मोहल्ले में कपूरचंद ग्वाला के मकान में किराये पर रह रही थी। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थी। उसकी तीन बेटियां सरवाड़ के छात्रावास में पढ़ाई कर रही हैं, जबकि पांच वर्षीय बेटा उसके साथ रहता था।

कमरे से बाहर नहीं निकले पर हुई आशंका

शनिवार को महिला रोज की तरह घर से बाहर नहीं निकली। इस पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सखी सुरक्षा सदस्य बसंती को संदेह हुआ। उन्होंने मकान मालिक को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

कमरे में अकेला मिला मासूम बेटा

मकान पर पहुंचने पर कमरे में केवल पांच वर्षीय बच्चा मिला। बच्चे ने अपनी मां का नाम और ननिहाल राजमहल बताया। इसके बाद राजमहल की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से महिला के भाई इलियास अली को सूचना दी गई। इलियास देवली पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो मौसीना दरवाजे के पास अस्त-व्यस्त कपड़ों में संदिग्ध अवस्था में पड़ी हुई थी।

महिला की हो चुकी थी तीन शादियां

सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक महावीर प्रसाद और एएसआई गोपाल सिंह मीणा मौके पर पहुंचे। महिला को तत्काल उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन की दो शादियां पहले हो चुकी थी, लेकिन दोनों से रिश्ता टूट चुका था। तीसरी शादी के बाद पति की मौत हो गई थी, जिसकी वजह से वह अकेले रहती थी।

यह वीडियो भी देखें :

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, ताकि महिला की मौत से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

मृतका के भाई इलियास अली ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बहन के वैवाहिक जीवन की जानकारी भी दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।