
मृतक आशीष वैष्णव (पत्रिका फोटो)
देवली (टोंक): टोंक जिले के देवली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटा रोड कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां एक निजी टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत 28 वर्षीय असिस्टेंट मैनेजर ने अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
हनुमान नगर थाना प्रभारी गणेशराम मीणा के अनुसार, मृतक की पहचान मालपुरा निवासी 28 वर्षीय आशीष वैष्णव पुत्र रामेश्वर वैष्णव के रूप में हुई है। आशीष पिछले कुछ समय से देवली की कोटा रोड स्थित कॉलोनी में एक मकान में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था और स्थानीय टेलीकॉम कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहा था।
रविवार रात करीब 9 बजे मकान मालिक को किसी काम से आशीष की जरूरत पड़ी, तो उन्होंने उसके कमरे के बाहर जाकर आवाज दी। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया या जवाब नहीं आया, तो मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। जब उन्होंने कमरे की खिड़की से झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए। आशीष कमरे के अंदर पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मकान मालिक ने तुरंत हनुमान नगर थाना पुलिस और आशीष के परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा और एम्बुलेंस की मदद से तत्काल उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
थानाधिकारी गणेशराम मीणा ने बताया कि मृतक के पिता रामेश्वर वैष्णव की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया है कि आशीष अभी अविवाहित था। घटना स्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है, जिसके कारण आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस मानसिक तनाव, कार्यस्थल के दबाव और व्यक्तिगत कारणों सहित तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक के कॉल डिटेल्स और अन्य संपर्कों की खंगाल के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
Updated on:
27 Jul 2026 04:48 pm
Published on:
27 Jul 2026 04:47 pm
