
मामले की जानकारी देती कोटपूतली पुलिस (पत्रिका फोटो)
Tonk YouTuber Mahesh Gurjar: कोटपूतली/टोंक: राजस्थान में पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। टोंक जिले से अगवा किए गए एक यूट्यूबर को पुलिस ने सही समय पर कार्रवाई करते हुए बदमाशों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को हथियार के साथ पकड़ा है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
यह पूरी घटना टोंक जिले के निवाई थाना क्षेत्र की है। पीड़ित यूट्यूबर महेश गुर्जर अपने स्टूडियो में दोस्तों के साथ सो रहे थे। तभी अचानक कुछ बदमाश वहां पहुंचे और महेश को जबरन एक स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर ले गए। बदमाश महेश के परिवार वालों से 10 से 20 लाख रुपए की फिरौती वसूलने की साजिश बना रहे थे। जैसे ही महेश के अपहरण की खबर निवाई पुलिस को मिली, उन्होंने बिना वक्त गंवाए आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया।
सूचना मिलते ही कोटपूतली-बहरोड़ के पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर नीमकाथाना स्टेट हाईवे पर तुरंत नाकाबंदी लगा दी गई। सरूंड थाना पुलिस जब गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध स्कॉर्पियो टोल प्लाजा पर पहुंची।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे डिवाइडर के ऊपर चढ़ा दिया और तेज रफ्तार में भगा ले गए। इसके बाद सरूंड थानाधिकारी यशपाल सिंह और उनकी टीम ने तुरंत शहर के सभी प्रमुख रास्तों पर वायरलेस से मैसेज भेजकर अलर्ट जारी कर दिया।
भागने की कोशिश कर रहे बदमाश आगे जाकर ट्रैफिक जाम में फंस गए। जब उन्होंने देखा कि पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया है, तो वे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी को रास्ते में ही छोड़कर पैदल भागने लगे। पुलिस ने तुरंत गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें अगवा किए गए यूट्यूबर महेश गुर्जर सही-सलामत मिल गए। बदमाशों ने रास्ते में महेश के साथ काफी मारपीट की थी, जिससे उनके सिर और शरीर पर चोटें आई थीं। पुलिस ने उन्हें तुरंत बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद पुलिस ने टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी मदद से दो आरोपियों को ढूंढ निकाला। पकड़े गए बदमाशों के नाम आशीष मीणा और आदित्य हैं, जो टोंक जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस वारदात के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल, निवाई थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें फरार चल रहे तीन अन्य बदमाशों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
Updated on:
25 Jul 2026 03:24 pm
Published on:
25 Jul 2026 02:43 pm
