
Tonk Accident: हादसे में क्षतिग्रस्त बस (फोटो-पत्रिका)
टोंक। टोंक। घाड़ थाना क्षेत्र में कोटा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर रानीपुरा (नयागांव) पुलिया के पास रविवार को तीर्थस्थलों के दर्शन के लिए जा रहे जैन समाज के श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने 23 घायलों को 6 एम्बुलेंस से टोंक सआदत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। इनमें तीन गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया।
थाना प्रभारी हरिराम वर्मा ने बताया कि कोटा निवासी जैन समाज के 25 से अधिक महिला-पुरुष श्रद्धालु मिनी बस से तीर्थस्थलों एवं संतों के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। अन्य तीर्थस्थलों के दर्शन के बाद वे सांखना एवं मेहंदवास अतिशय क्षेत्र में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रानीपुरा (नयागांव) पुलिया पर ओवरटेक करते समय बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। हादसे में 23 श्रद्धालु घायल हुए।
बस के ट्रक में घुसने के बाद चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने बस में फंसे महिला-पुरुष श्रद्धालुओं को बाहर निकालना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी तत्काल राहत कार्य में जुटकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद राजमार्ग पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और एक लेन पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
हादसे की सूचना मिलने पर दूनी चिकित्सालय में चिकित्सक एवं चिकित्साकर्मी घायलों के उपचार के लिए तैयार रहे। रविवार का अवकाश होने के बावजूद डॉ. सतीश जोहरवाल ने चिकित्साकर्मियों को बुलाकर उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए। हालांकि घटनास्थल से घायलों को सीधे टोंक ले जाया गया।
चंदा बाई जैन (55), बाबूलाल जैन (75), रमेशचंद (65), कुकुम, अनिता, अजय, जम्मु कुमार, दिनेश, अतुल, नम्रता, रेणू, इंद्रा, कैलाश, मंजू, जम्मु कुमार, कमला, प्रिया, राजकुमार, अनिता, भानु कुमार, जम्मु कुमार, प्रेमबाई तथा बस खलासी मध्य प्रदेश के राजगढ़ निवासी संदीप घायल हुए।
हादसे में घायल एक महिला यात्री ने बताया कि सभी लोग भगवान के दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। दूसरी महिला यात्री ने कहा कि बस में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित दर्शन कर लौटने की उम्मीद लेकर निकले थे, लेकिन दुर्घटना ने पूरी यात्रा को दर्दनाक बना दिया। उन्होंने भगवान से सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
कोटा निवासी रेनू जैन ने बताया कि बस की टक्कर से कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं यात्री मुकेश कुमार जैन ने कहा कि बस में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें से 22 घायल हुए हैं। चालक की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है।
Updated on:
02 Aug 2026 06:54 pm
Published on:
02 Aug 2026 04:34 pm
