Chittorgadh News: चंदेरिया थाना क्षेत्र में सडक़ हादसे का शिकार हुआ एक गंभीर घायल ऑटो चालक जब पुलिस की कथित अनदेखी से आहत हुआ तो वह न्याय की गुहार लेकर सीधे कलेक्टर की चौखट पर पहुंच गया।
Chittorgadh News: राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए जिला कलेक्ट्रेट परिसर में एक अजीब दृश्य देखने को मिला। चंदेरिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हुआ एक गंभीर घायल ऑटो चालक जब पुलिस की कथित अनदेखी से आहत हुआ तो वह न्याय की गुहार लेकर सीधे कलेक्टर की चौखट पर पहुंच गया। गंभीर हालत में वह कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर ही लेट गया और अपनी आपबीती सुनाकर सिस्टम की संवेदनहीनता को उजागर किया।
चंदेरिया निवासी सुरेश सालवी ने बताया कि वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। मंगलवार शाम करीब 4 बजे 80 फीट चौराहे पर एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने उसके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में सुरेश को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे चंदेरिया राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पीड़ित का आरोप है कि वह घायल अवस्था में ही रिपोर्ट दर्ज कराने चंदेरिया थाने पहुंचा, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी पीड़ा सुनने के बजाय उसे टरका दिया। पुलिस की इस बेरुखी से आहत होकर वह बुधवार सुबह अपनी पत्नी सपना के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा।
शारीरिक पीड़ा और मानसिक प्रताड़ना के बीच सुरेश कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर ही लेट गया। उसकी हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान उसकी पत्नी सपना ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। सपना ने बताया कि घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य घायल है और पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक को तलाशने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
कलेक्ट्रेट परिसर में हुए इस घटना बाद पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आए। उच्चाधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत चंदेरिया थाना पुलिस को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पीड़ित को आश्वासन देकर पुन: चंदेरिया थाने भेजा गया।